दरभंगा। बिहार में आज से मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा का आगाज हो गया है। प्रदेश भर के 1699 केंद्रों पर लगभग 15.12 लाख परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या अधिक है। पहले दिन मातृभाषा की परीक्षा के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों से अनुशासन और जुनून की मिली-जुली तस्वीरें सामने आईं।
देर होने पर दीवार फांदकर घुसे परीक्षार्थी
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश का समय समाप्त होने के बाद कई छात्र-छात्राएं दीवार फांदकर अंदर घुसते देखे गए। पटना के मिलर स्कूल में एक छात्रा 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुई, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने बाद में बाहर कर दिया। ऐसी ही घटनाएं बक्सर, बेगूसराय और नालंदा में भी देखने को मिलीं, जहां प्रवेश न मिलने पर छात्राओं ने जोखिम उठाकर सेंटर में घुसने की कोशिश की।
नियमों की सख्ती और बुर्के पर पाबंदी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन काफी सख्त दिखा। दरभंगा और मुजफ्फरपुर के केंद्रों पर छात्राओं को प्रवेश से पहले बुर्का उतारने का निर्देश दिया गया। वहीं, नालंदा में जूते-मोजे पर पाबंदी के कारण कई छात्राएं कड़ाके की ठंड के बावजूद नंगे पैर परीक्षा देने पहुंचीं। मुंगेर से एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें छात्र पेंट में ‘चिट’ छिपाते नजर आ रहे हैं।
क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने छोड़ी परीक्षा
इसी बीच, CBSE बोर्ड की परीक्षाएं भी आज से ही शुरू हुई हैं। बिहार के उभरते हुए क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इस बार 10वीं की परीक्षा में शामिल नहीं हो रहे हैं। उनके परिजनों के अनुसार, टूर्नामेंट की तैयारियों और व्यस्त खेल शेड्यूल के कारण उन्होंने परीक्षा छोड़ने का फैसला किया है। उनका सेंटर पटना के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में था।
बिहार बोर्ड की यह परीक्षा 25 फरवरी तक चलेगी, जिसमें दो पालियों में एग्जाम लिए जा रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


