अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार में लगातार हो रहे अपराधियों के एनकाउंटर पर राजनीति गरमाई हुई है। इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने एक बेहद कड़ा और बड़ा बयान दिया है। मंत्री बनने के बाद पहली बार सासाराम पहुंचे भगवान सिंह कुशवाहा ने साफ लफ्जों में अपराधियों को चेतावनी दी है कि सूबे में अब गुंडे-मवालियों की खैर नहीं है।
गुंडागर्दी न छोड़ने वालों का सीधे एनकाउंटर
कैमूर से दिल्ली जाने के क्रम में सासाराम रुके मंत्री का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पिछले कुछ दिनों से बिहार में पुलिस और अपराधियों के बीच हो रही मुठभेड़ों को पूरी तरह जायज ठहराया। मंत्री कुशवाहा ने कहा कि अगर गुंडे-मवाली अपनी गुंडागर्दी नहीं छोड़ेंगे और आम जनता की संपत्ति को लूटने का प्रयास करेंगे, तो पुलिस हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठेगी। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, ऐसी स्थिति में पुलिस की राइफल पानी नहीं उगलेगी, बल्कि अपराधियों पर गोलियां बरसाएगी।
अपराधियों में खौफ और जनता की सुरक्षा सर्वोपरि
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जब भी पुलिस आत्मरक्षा या कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोलियां चलाएगी, तो उसका निशाना सीधे तौर पर अपराधी ही होंगे। यह कार्रवाई किसी को डराने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूबे में अमन-चैन कायम रखने के लिए अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ और दहशत होना बेहद जरूरी है। मंत्री के इस तीखे बयान से साफ है कि बिहार सरकार अब अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर और अधिक आक्रामक रुख अपनाने जा रही है।

