कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की आठ प्रमुख सीटों पर हुए चुनाव के मतगणना का दौर जारी है। 23 अक्टूबर को संपन्न हुए मतदान के बाद आज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो रहा है। चार स्नातक (पटना, दरभंगा, तिरहुत, कोसी) और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों (पटना, दरभंगा, तिरहुत, सारण) की इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 90 स्नातक और 60 शिक्षक वर्ग से शामिल हैं। विशेष रूप से पटना सीट के नतीजों पर राजनीतिक गलियारों की निगाहें टिकी हुई हैं।
तिरहुत शिक्षक सीट पर रोमांचक मुकाबला
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतों की गिनती लगातार जारी है, जहां एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दूसरे चरण की मतगणना के बाद एनडीए समर्थित उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआई (महागठबंधन) के संजय कुमार सिंह पर 159 मतों की बढ़त बना ली है। अब तक नरेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 1872 वोट प्राप्त हुए हैं, जबकि संजय सिंह 1713 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
पटना में देरी: दोपहर 3 बजे के बाद असली गिनती
पटना के मतगणना केंद्र पर स्नातक और शिक्षक सीटों के मतपत्रों को छांटने और 25-25 के बंडल बनाने की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से ही जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मतपत्रों की छंटनी में अधिक समय लगने के कारण वास्तविक वोटों की राउंडवार गिनती दोपहर 3 बजे के बाद शुरू हो सकेगी।
एनडीए का सभी 8 सीटों पर जीत का दावा
चुनावी नतीजों के बीच जेडीयू नेता नीरज कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि एनडीए सभी आठों सीटों पर परचम लहराएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार पिछली गलती नहीं दोहराएगी तथा सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी रंग लाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर विरोधियों को सभी बूथों पर पोलिंग एजेंट भी मिल गए हों, तो यही उनके लिए बहुत बड़ी बात होगी।

