कुंदन कुमार, पटना। बिहार की 8 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव के परिणाम अब धीरे-धीरे सामने आने लगे हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। सीट से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2945 मत पाकर विजय प्राप्त की। इसके साथ ही एमएलसी चुनाव में एनडीए का खाता खुल गया है।

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 2351 मत पाकर निर्दलीय भूषण झा दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, सीपीआई के संजय सिंह को 1967 मत प्राप्त हुए हैं। नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत के बाद उनके समर्थक और एनडीए कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। हालांकि चुनाव परिणाम का आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है।

  • बीजेपी-नरेंद्र प्रसाद सिंह-2945-मत
  • निर्दलीय-भूषण झा-2351-मत
  • सीपीआई- संजय सिंह- 1967-मत

दरभंगा में जनसुराज और कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़े

दरभंगा में मतगणना केंद्र के बाहर जन सुराज और कांग्रेस प्रत्याशियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान केंद्र के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल कायम हो गया। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंट को हिरासत में लिया है। बता दें कि दरभंगा की शिक्षक निर्वाचन सीट से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय मैदान में हैं, जो फिलहाल आगे चल रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के मदन मोहन झा दूसरे नंबर हैं।

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए रोकना पड़ा काउंटिंग

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जारी मतगणना के बीच विपक्षी प्रत्याशियों ने मतगणना केंद्र के अंदर हंगामा किया है, जिस वजह से कुछ देर के लिए काउंटिंग को रोकना पड़ा। हंगामे की सूचना पर पहुंचे ऑब्जर्वर की निगरानी में फिर से काउंटिंग शुरू कराई गई। फिलहाल सीट से भाजपा के नवल किशोर यादव सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं, राजद के उम्मीदवार दूसरे, जन सुराज के तीसरे और कांग्रेस के उम्मीदवार चौथे नंबर पर हैं।

ये भी पढ़ें- एक महीने तक चलेगा बिहार नशामुक्ति अभियान, सम्राट चौधरी ने दिलाई नशा नहीं करने की शपथ