दरभंगा। बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में उतरे 53 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज होगा। दरभंगा के लहेरियासराय स्थित नवनिर्मित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 40 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया था। मतगणना के लिए दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 14-14 काउंटिंग टेबल बनाए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक-एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल की व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर पेयजल, शौचालय और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बैठने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

56 CCTV कैमरों से निगरानी

मतगणना केंद्र की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरे परिसर में 56 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से मिलने वाले फुटेज पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिहार पुलिस के जवानों के साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन ने मतगणना केंद्र पर अनावश्यक भीड़ रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। अधिकारियों की निगरानी में मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

स्नातक सीट पर सर्वेश कुमार समेत 40 प्रत्याशी मैदान में

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के सर्वेश कुमार, कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और राजद के अनिल कुमार झा समेत कुल 40 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जन सुराज पार्टी की ओर से डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी चुनाव मैदान में हैं।इनके अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट आदित्य झा और जयप्रकाश झा समेत कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की है। अब मतगणना के दौरान यह स्पष्ट होगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी के पक्ष में अधिक समर्थन दिया है।

शिक्षक सीट पर 13 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, जदयू के डॉ. घनश्याम राय और जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय समेत 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। राजद की ओर से कुंवर राउत चुनाव लड़ रहे हैं।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 14 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, लेकिन जांच के दौरान एक अभ्यर्थी का नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया। इसके बाद 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए। इस सीट के परिणाम पर भी राजनीतिक दलों और शिक्षकों की नजर बनी हुई है।

निषेधाज्ञा लागू, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। लहेरियासराय, बहादुरपुर, नगर, बेता, विश्वविद्यालय और कोतवाली थानों के थानाध्यक्षों को अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गश्ती दलों में तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आदेश का प्रचार-प्रसार कराने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि आम नागरिकों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के समर्थकों को प्रतिबंधों की जानकारी मिल सके।