पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 के परिणाम आ गए हैं। कुल 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं, जिनमें सबसे बड़ा उलटफेर पटना शिक्षक सीट पर देखने को मिला है। यहां पिछले 30 वर्षों से कब्जा जमाए बैठी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

​पटना और तिरहुत शिक्षक सीट का हाल

​पटना शिक्षक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. संजीव कुमार ने बड़ा उलटफेर करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों के अंतर से हरा दिया। वहीं, दूसरी ओर तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह ने अपनी साख बचाते हुए 600 मतों से जीत दर्ज की है।

​दरभंगा में जन सुराज का खाता खुला

​सारण शिक्षक सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां बीजेपी के बागी निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने बाजी मारी। उन्होंने दूसरी वरीयता की मतगणना के बाद 1,815 वोटों से जीत हासिल की। उधर, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।