कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए बहुत जल्द ही चुनाव होने वाला है। शिक्षक और स्नातक क्षेत्र की 8 सीट में से 6 सीट के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जिसे लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। इस बीच राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने आज सोमवार (14, सितंबर) को एक बयान जारी करते हुए कहा है कि हमारी पार्टी ने जो उम्मीदवार दिए हैं, वो शिक्षक की भलाई के लिए लगातार काम करते रहे हैं।
‘तेजस्वी उठाते रहते हैं शिक्षकों के मुद्दे’
एजाज अहमद ने कहा कि, बिहार में शिक्षक की समस्याओं को लेकर हमारे नेता तेजस्वी यादव समय-समय पर आवाज उठाते रहते हैं। यहां तक की tre 4 के भर्ती को लेकर भी उन्होंने आवाज उठाया। शिक्षक के ट्रांसफर को लेकर भी उन्होंने आवाज उठाया। तेजस्वी यादव से जब सत्ता में थे, तो उन्होंने 2 लाख से ज्यादा शिक्षकों को नियमित करने का काम किया। तो निश्चित तौर पर युवाओं को नौकरी देना छात्रों के भविष्य को देखते हुए बिहार में अच्छी शिक्षा की पहल तेजस्वी यादव ने शुरू से ही किया है।
‘उम्मीदवारी को लेकर एनडीए में सिर फुटव्वल’
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि, इस बार भी जो उम्मीदवार हमारी पार्टी ने खड़ा किया है। निश्चित तौर पर उस पर हमारे जो शिक्षक वोटर हैं, भरोसा करेंगे और उन्हें जिताने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए के अंदर अभी भी उम्मीदवारी को लेकर सिर फुटव्वल जारी है। खासकर जदयू में जिस तरह के हालात बने हैं, उसको देखकर यह कहा जा सकता है कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार के नाम पर अपने ही पार्टी में बड़ा मतभेद दिख रहा है, जबकि महागठबंधन में ऐसा कुछ नहीं है।
राजद ने 6 सीटों के लिए उतारे हैं उम्मीदवार
राजद ने बीते शनिवार (12, सितंबर) को बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के आगामी चुनाव के लिए अपने 6 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। राजद द्वारा जारी सूची में पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है।
कुंतल कृष्ण ने किया सब कुछ ठीक होने का दावा
वहीं, भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने दावा किया है कि एनडीए गठबंधन में सब कुछ ठीक ठाक है, जब गठबंधन के सभी दलों के नेता एक साथ बैठेंगे तो सभी उम्मीदवार की घोषणा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राजद प्राइवेट लिमिटेड पार्टी है। किस तरह से वहां टिकट दिया गया है। ये सभी लोग जानते हैं। महागठबंधन में परिषद चुनाव के उम्मीदवार को लेकर घमासान मचा हुआ है और बिहार के शिक्षक जानते हैं कि कौन उसका भला करेगा।
ये भी पढ़ें- UCC को लेकर बिहार NDA में दो फाड़: JDU बोली- नहीं लागू होगा, तो संतोष सुमन ने किया पूर्ण समर्थन



