पंकज श्रीवास्तव, छपरा। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए वोटिंग जारी है। 4 स्नातक और 4 शिक्षक सीट के लिए कुल 150 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शाम 4 बजे तक 5,32,847 मतदाता वोट करेंगे।
बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो रहा है। छपरा समेत पूरे जिले में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों में एक-एक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सारण के डीसीएलआर कार्यालय में भी एक बूथ की स्थापना की गई है।
मतदाताओं में भारी उत्साह, लंबी कतारें
सुबह से ही सभी केंद्रों पर शिक्षक मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सारण जिले में कुल 3,824 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,076 पुरुष और 738 महिला शिक्षक शामिल हैं। सुबह 10:00 बजे तक जिले में 11.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था। सभी बूथों पर प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट मुस्तैद हैं। मतदाताओं का कहना है कि वे ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहते हैं जो विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठा सके।


5 जिलों में फैली सीट, 17 उम्मीदवार मैदान में
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का दायरा काफी बड़ा है। इसमें सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण इन पांचों जिलों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इन पांचों जिलों को मिलाकर कुल 10,802 मतदाता हैं। इस सीट पर कुल 17 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबले में जन सुराज समर्थित निवर्तमान एमएलसी अफाक अहमद, एनडीए उम्मीदवार (दिवंगत पूर्व एमएलसी केदारनाथ पांडेय के पुत्र) इंजीनियर आनंद पुष्कर, राजद समर्थित प्रत्याशी जयराम यादव और भाजपा के बागी उम्मीदवार राहुल राज शामिल हैं।
आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज
चुनाव प्रक्रिया के दौरान छपरा के टाउन थाने में जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अफाक अहमद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार लगातार विभिन्न बूथों का जायजा ले रहे हैं।
राज्य की 8 परिषद सीटों पर जारी है महासंग्राम
उल्लेखनीय है कि आज पूरे बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों (4 स्नातक और 4 शिक्षक क्षेत्र) के लिए मतदान हो रहा है। राज्य भर में कुल 150 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला शाम 4 बजे तक कुल 5,32,847 मतदाता करेंगे।

