पटना। बिहार में लंबे इंतजार के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 6 से 12 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का 7 दिन का हाई अलर्ट जारी किया है। पटना समेत अधिकांश जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 7 से 10 दिनों में मानसून और अधिक मजबूत होगा, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। दरअसल, पिछले तीन सप्ताह से बिहार में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ी हुई थीं। 6 जुलाई तक राज्य में सामान्य 230.1 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 103 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 52 से 55 प्रतिशत कम रही। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं और बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है।

उमस से राहत मिली

बीते 24 घंटे के दौरान पटना में रविवार शाम करीब पांच बजे आंधी के साथ हल्की बारिश हुई, हालांकि यह केवल 10 मिनट तक ही चली। वहीं सुपौल, समस्तीपुर, आरा, बक्सर, सासाराम और औरंगाबाद में तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बांका, नालंदा और जमुई में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि कटिहार समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे।

यहां भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 7 जुलाई को अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 8 जुलाई को अररिया, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। 9 और 10 जुलाई को उत्तर एवं उत्तर-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 11 जुलाई को भागलपुर, कटिहार और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश के आसार हैं।

इस कारण से होगी बरसात

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसूनी हवाओं की दिशा प्रभावित हुई थी, जिसके कारण पिछले कुछ दिनों तक बारिश में कमी आई। बिहार और आसपास कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होने से मानसून कमजोर पड़ा था। हालांकि अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, लेकिन इस दौरान हवा में अधिक नमी और बढ़ते तापमान के कारण हीट इंडेक्स भी अधिक रहेगा, जिससे वास्तविक तापमान की तुलना में ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है।