Weather news: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके कारण राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी करते हुए सुपौल और अररिया जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके साथ ही, आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने उत्तर बिहार के कई जिलों में चिंता बढ़ा दी है।

​अररिया में बाढ़ जैसे हालात

​नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण सीमावर्ती जिले अररिया में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। अररिया के पलासी प्रखंड के वार्ड-03 में लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गांवों का संपर्क टूटने की कगार पर है और आवागमन का एकमात्र साधन बना ‘चचरी पुल’ भी जलमग्न हो चुका है। प्रशासन द्वारा प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
​इसके अलावा, रक्सौल में भेलाही-घोड़ासहन नहर की सड़क तेज बहाव में बह गई है, जिससे पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के बीच यातायात बाधित हो गया है। जयमंगलापुर के पास नहर का पानी खेतों में फैलने से लगभग 200 बीघा से अधिक भूमि में लगी फसलें पूरी तरह डूब गई हैं।

​वज्रपात से सात लोगों की दर्दनाक मौत

​सोमवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में दो स्कूली छात्र और एक मां-बेटे की जोड़ी भी शामिल है, जिससे पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। सासाराम में एक अन्य घटना सामने आई, जहां उफनते नाले में सेल्फी ले रहे तीन दोस्त तेज बहाव में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

​अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम?

​मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, बेगूसराय और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है।

  • ​5 अगस्त: किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और मधुबनी में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं पटना, नालंदा, गया, भोजपुर, बक्सर और रोहतास में छिटपुट बारिश और आंशिक बादल छाए रहेंगे।
  • ​6 अगस्त: पटना, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गया, सिवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय में बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
  • ​राजधानी पटना में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।