पटना। बिहार में मानसून की सक्रियता एक बार फिर करवट ले रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि राज्य के शेष हिस्सों में फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।
10 जिलों में हाई अलर्ट, 19 के बाद बढ़ेगी गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 14 जुलाई को सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया और मुंगेर में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, 15 जुलाई से मानसून की सक्रियता और बढ़ेगी, जिसके तहत कैमूर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, गया, नवादा, बेगूसराय और लखीसराय समेत कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान है कि 19 जुलाई के बाद तापमान में वृद्धि होगी और गर्मी का असर बढ़ जाएगा।
मानसून की सुस्त रफ्तार और बारिश की कमी
राज्य में मानसून की सक्रियता फिलहाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। मानसून सीजन के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक राज्य में मात्र 161.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि सामान्य तौर पर 301.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यह आंकड़ा सामान्य से 47 प्रतिशत कम है। राहत की बात यह है कि 15 जुलाई से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण मानसून के फिर से जोर पकड़ने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
कई जिलों में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
बारिश का असर कई इलाकों में परेशानी का सबब भी बना है। सीवान सदर अस्पताल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाली सड़क पर करीब 2 फीट पानी जमा हो गया है, जिससे आवागमन बाधित हुआ है।
कोसी का रौद्र रूप, बढ़ी निगरानी
नेपाल में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते सुपौल में कोसी नदी उफान पर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोसी बराज से सोमवार सुबह 10 बजे 1,44,875 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है और निचले इलाकों में अलर्ट रहने को कहा है।
राजधानी पटना का मिजाज
राजधानी पटना में मंगलवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन उमस लोगों को दिनभर परेशान करेगी। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

