पटना। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे बिहार के निवासियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं जिससे तापमान में गिरावट और बारिश की उम्मीद बढ़ गई है।
पटना में स्कूल बंद, अन्य जिलों में बदली टाइमिंग
पटना जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी के मद्देनजर कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 30 जून तक बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं जहानाबाद में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों के संचालन का समय सुबह 11.30 बजे तक सीमित कर दिया गया है।
17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में अलर्ट जारी किया है। आज 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है जहां गरज-चमक वज्रपात और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से अररिया, किशनगंज, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा और सहरसा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
किशनगंज में बाढ़ जैसे हालात
नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर सीमावर्ती इलाकों में दिखने लगा है। किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड में नदियां उफान पर हैं जिससे करूआमनी पंचायत के 8 परिवारों के करीब 80 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
तापमान और बारिश के आंकड़े
शनिवार को खगड़िया, बेगूसराय और बांका समेत कई जिलों में हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। हालांकि, कैमूर (41.7°C), बक्सर (41.2°C) और शेखपुरा (41.1°C) अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। विभाग के अनुसार, बिहार में अब तक सामान्य से 49% कम बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन में 130.8 मिमी के मुकाबले मात्र 66.3 मिमी बारिश ही हुई है।
मानसून सक्रिय होने की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के कारण मानसूनी सिस्टम फिर से सक्रिय हो गया है। 28 जून से पूरे प्रदेश में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। 29 और 30 जून को उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण बिहार के पटना, नालंदा और गया जैसे जिलों में भी बारिश की प्रबल संभावना है। आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने से वर्षा की कमी के आंकड़े में सुधार की पूरी उम्मीद है।

