Weather update: बिहार में इस समय मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, अधिकांश क्षेत्रों में फिलहाल किसी बड़ी आपदा की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पटना समेत कई जिलों में मौसम सामान्य
राजधानी पटना सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आज मौसम सामान्य और साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पश्चिमी चंपारण राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।
अगले 24 घंटों में इन 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों के भीतर उत्तर-पूर्वी बिहार के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं, जहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आगामी 48 घंटों तक राज्य के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री के बीच बना रहेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
इस सीजन सामान्य से 40% कम हुई बारिश
राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान बारिश की स्थिति काफी निराशाजनक रही है। अब तक सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास सक्रिय वेल-मार्क लो प्रेशर एरिया तथा अमृतसर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ लाइन के कारण बादलों की आवाजाही तो बनी हुई है, लेकिन इससे बड़े पैमाने पर भारी बारिश की स्थिति फिलहाल बनती नहीं दिख रही है।

