कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज सोमवार (5, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
MLC चुनाव के लिए आज नामांकन करेंगे ये प्रत्याशी
बिहार की 8 सीटों पर MLC चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी है। वहीं, कल 6 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। वहीं, 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों का जांच होगा और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। जबकि चुनाव के 4 दिन बाद यानी 27 अक्टूबर को चुनाव का परिणाम सामने आएगा। MLC चुनाव के लिए आज का दिन काफी अहम होने वाला है।
- दरअसल पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवल किशोर यादव आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 11 बजे वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई नेता और समर्थक मौजूद रहेंगे।
- पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार भी आज सोमवार को दोपहर 12 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनका मुकाबला राजद और जन सुराज से होगा। हालांकि पार्टी विधायक अनंत सिंह द्वारा जिस तरह खुलकर उनका विरोध किया जा रहा है, ऐसे में उनके लिए यह चुनाव पहले के मुकाबले काफी कठिन नजर आ रहा है।
- जन सुराज ने दिव्या ज्योति को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। आज दोपहर 1 बजे वह अपना नामांकन दाखिल करेंगी। हाल में दिव्या ज्योति जन सुराज में शामिल हुई थीं। उनका मुकाबला भी एनडीए और महागठबंधन के प्रत्याशी से है। बता दें की पटना शिक्षक और स्नातक के सभी उम्मीदवार MLC चुनाव के लिए पटना प्रमंडलीय आयुक्त (कमिश्नर) कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
कैलाशपति मिश्र की जन्मजयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
पटना में आज 5 अक्टूबर को बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जन्मजयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे जगदेव पथ स्थित ICR के पास, BMP तालाब से आगे आयोजित होगा। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

