कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
खान सर मामले को लेकर कोर्ट में सुनवाई
खान सर की कोचिंग के बाहर हुए फायरिंग मामले में आज सोमवार (8 जून) को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है। खान सर के वकील आज सुबह 10 बजे कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर कर सकते हैं। गौरतलब है कि मामले में FIR होने के बाद से खान सर फरार हैं। पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
वहीं, दूसरी ओर मारपीट और पथराव मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद की भी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। इसके अलावा खान सर के दो सुरक्षा कर्मी जिन्होंने घटना वाले दिन हवाई फायरिंग किया था, आज उनकी भी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।
एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन आज
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन का आज सोमवार (8 जून) को नामांकन का आखिरी दिन है। नामांकन के आखिरी दिन एनडीए और महागठबंधन के प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक एनडीए के सभी प्रत्याशी सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, महागठबंधन के प्रत्याशी दोपहर 3 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। गौरतलब है एमएलसी की 10 सीटों पर 18 जून को मतदान होना है।
जदयू कार्यालय में होगी जनसुनवाई
जदयू कार्यालय में आज जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में आम जनता अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेगी। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन देंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज सोमवार (8 जून) को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक विस्तार, बढ़ती महंगाई, अपराध और राज्य से जुड़े अन्य जरूरी मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक के बाद कांग्रेस नेता मीडिया को भी संबोधित कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार भाजपा का मेगा प्लान: संगठन को बूथ स्तर तक धार देने के लिए महामंत्रियों को मिली नई जिम्मेदारी

