Bihar Politics: देश के गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर कि (2029 तक एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी जाएगी) पर बिहार एनडीए में लगातार विरोध के सुर सुनाई देने लगे हैं। एक तरफ एनडीए की सहयोगी पार्टी जदयू का कहना है कि बिहार में किसी भी कीमत पर समान नागरिक संहिता (UCC) नहीं लागू होगा।
वहीं, दूसरी तरफ हम पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन गृहमंत्री के इस बयान का पूर्ण समर्थन करते हुए यूसीसी को लागू करने के पक्ष में हैं। इस बीच यूसीसी को लेकर एक और सहयोगी पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बयान सामने आया है।
UCC पर चिराग पासवान की प्रतिक्रिया
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, भारत का सामाजिक ताना-बाना विविधतापूर्ण है। हर वर्ग की अपनी नागरिक परंपराएं और रीति-रिवाज हैं। उन्होंने कहा कि, संविधान ने स्वयं इसे स्वीकार किया है। पांचवीं-छठी अनुसूची, अनुच्छेद 371A व 371G, और अब तक की हर संहिता में अनुसूचित जनजातियों को दी गई छूट इसका प्रमाण है।
चिराग ने कहा कि, मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) समानता और विविधता-दोनों के प्रति प्रतिबद्ध है। प्रारूप सार्वजनिक हो, सभी हितधारकों के हितों का अवलोकन हो, व्यापक विचार-विमर्श हो, तत्पश्चात अवलोकन उपरांत पार्टी अपना मत रखेगी।
जदयू बोली बिहार में नहीं लोगू होगा यूसीसी
वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने स्पष्ट किया है कि बिहार में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि, पार्टी ने संसद में कानून का समर्थन जरूर किया था, लेकिन तभी यह साफ कर दिया था कि इसे अपने राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। जदयू अपने इस रुख पर अब भी कायम है।
नफरत की राजनीति करना चाहती है बीजेपी- राजद
UCC को लेकर राजद की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद का आरोप है कि यूसीसी के लागू होने से मुस्लिम समुदाय प्रभावित होगा। इसके पीछे बीजेपी नफरत की राजनीति करना चाहती है। राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने अपने एक बयान में कहा कि, हाल के दिनों में बीजेपी को कई राजनीतिक झटके लगे हैं, इसलिए वह एक बार फिर अपनी पुरानी नफरत की राजनीति पर लौट आई है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि, बीजेपी को याद रखना चाहिए कि यह बिहार है, जहां धर्मनिरपेक्षता लोगों की रगों में बहती है। मुसलमानों को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी कदम उठाया गया तो राजद चुप नहीं बैठेगा। हम बिहार में यूसीसी लागू नहीं होने देंगे।
ये भी पढ़ें- साइबर अपराधियों की खैर नहीं! CBI के रडार पर सिम बॉक्स नेटवर्क, आने वाले दिनों में होने वाले हैं बड़े खुलासे



