कुंदन कुमार/ पटना। ​बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया है कि एनडीए गठबंधन में सीटों और रणनीति को लेकर किसी भी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने विपक्ष के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें गठबंधन में दरार की बात कही जा रही थी।

​विपक्ष का काम सिर्फ भ्रम फैलाना: श्रवण कुमार

​मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा विपक्ष का काम तैयारी करना है न कि गलत दावे करना। जो काम उन्हें करना चाहिए वह नहीं कर पा रहे हैं और केवल जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए के सभी घटक दल एक साथ हैं और आने वाले चुनाव में विपक्ष को करारी शिकस्त मिलेगी।

​राबड़ी देवी के आवास और मांझी की मांग पर प्रतिक्रिया

​10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास खाली कराए जाने के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्रवण कुमार ने कहा कि यह मामला भवन निर्माण विभाग से संबंधित है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण मंत्री ही इस पर बेहतर जानकारी दे पाएंगे कि किन परिस्थितियों और नियमों के तहत आवास खाली कराया जा रहा है।
​वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी द्वारा विधान परिषद चुनाव में एक सीट की दावेदारी को लेकर मचे सियासी शोर पर मंत्री ने कहा कि इसमें विवाद जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा एनडीए के सभी बड़े नेता जब एक साथ बैठेंगे तो सब कुछ साफ हो जाएगा। सीटों के तालमेल और चुनाव की रणनीति पर उचित समय पर फैसला ले लिया जाएगा। एनडीए में समन्वय की कोई कमी नहीं है।
​कुल मिलाकर श्रवण कुमार ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि एनडीए में सब कुछ सामान्य है और गठबंधन आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।