कटिहार। ​बिहार में नीट (NEET) पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगहों पर तीखी झड़प, लाठीचार्ज और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

​कटिहार में डीएम ऑफिस के बाहर लाठीचार्ज और पथराव

​कटिहार में प्रदर्शनकारी छात्र उग्र रूप अख्तियार करते हुए डीएम (DM) कार्यालय के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके जवाब में छात्रों की ओर से ईंट-पत्थर चलाए गए।

​बेगूसराय में कलेक्ट्रेट गेट पर चढ़े छात्र, वाटर कैनन तैनात

​बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का जोरदार घेराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने प्रदर्शन से पहले ही वाटर कैनन के साथ भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। इसके बावजूद आक्रोशित छात्र कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर चढ़ गए। पुलिस लगातार छात्रों से पीछे हटने और शांति बनाए रखने की अपील करती नजर आई।

​पटना में अशोक राजपथ पर जाम, छात्रों को पुलिस ने किया डिटेन

​राजधानी पटना में भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। पटना कॉलेज के पास छात्रों ने सड़कों पर उतरकर मुख्य अशोक राजपथ को पूरी तरह जाम कर दिया। छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की।
​स्थिति के बिगड़ने पर थोड़ी देर बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों को डिटेन कर लिया और उन्हें बसों में भरकर थाने ले गई। हिरासत में लिए जाने के दौरान एक छात्र ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खराब शिक्षा नीति के खिलाफ आवाज उठाना हमारा अधिकार है और हम मोदी सरकार से डरने वाले नहीं हैं।

​अन्य जिलों में भी दिखा भारी आक्रोश

  • ​शेखपुरा: यहां भी छात्र हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
  • ​मुंगेर: मुंगेर में छात्रों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जुलूस निकाला, जिसके साथ जिला पुलिस बल लगातार मुस्तैद नजर आया।