पटना। बिहार की राजनीति ने आज एक ऐसी करवट ली है जिसकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे। बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद यह साफ हो गया है कि बिहार के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर भाजपा का कोई चेहरा बैठेगा। कल, 15 अप्रैल को राजधानी के लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।

​नीतीश कुमार का इस्तीफा और नया गठबंधन

​राजनीतिक हलचल के बीच आज नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। विशेष बात यह रही कि वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे, जो एनडीए की नई एकजुटता का संकेत है। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लिखा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा और बिहार प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। वहीं भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, मैं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने दिल्ली जाने का मन बनाया, जिसके कारण यह परिस्थिति आई और उन्होंने सम्राट चौधरी को आशीर्वाद दिया। भाजपा विधायक दल ने भी सम्राट चौधरी को चुना है।

​सम्राट चौधरी का विजन: विकसित भारत, समृद्ध बिहार

​नेतृत्व की कमान मिलने के बाद सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपनों को एकाकार करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम करेगी। सम्राट ने कहा, हमने पार्टी संगठन में पूरी ईमानदारी से काम किया है और अब सरकार में भी उसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ेंगे।

​मंत्रिमंडल का स्वरूप: जातीय और क्षेत्रीय संतुलन

​सूत्रों के अनुसार, कल होने वाले शपथ ग्रहण में सम्राट चौधरी के साथ विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। ये दोनों वरिष्ठ नेता जेडीयू कोटे से डिप्टी सीएम की भूमिका में नजर आ सकते हैं। नई कैबिनेट में अनुभव और युवा ऊर्जा का मेल दिखेगा।

​संभावित मंत्रियों की सूची:

  • ​जेडीयू कोटे से: श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार।
  • ​बीजेपी कोटे से: विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह और लखेंद्र पासवान जैसे नाम चर्चा में हैं।
  • ​सहयोगी दल: एनडीए के साथी दलों जैसे हम (HAM) से संतोष कुमार सुमन, एलजेपी (LJPR) से संजय पासवान और आरएलएम (RLM) से दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

​बिहार लोकभवन में प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कल की सुबह बिहार के लिए एक नए राजनीतिक सूर्योदय जैसी होगी, जहां भाजपा और जेडीयू एक नए समीकरण के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ेंगे।