PM Modi in Karakat: पीएम नरेंद्र मोदी बिहार के काराकाट में 48,520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही, पीएम ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने जहां ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान को लेकर कई बड़ी बातें कहीं.
पीएम मोदी ने कहा कि सासाराम के लोग जानते हैं कि भगवान राम के कुल की क्या रीत थी. ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई’, एक बार वचन दे दिया तो उसको पूरा करना है. उन्होंने कहा कि सासाराम की इस धरती के नाम में भी राम है. सासाराम के लोग जानते हैं भगवान राम और उनके कुल की रीति क्या थी. प्राण जाए पर वचन ना जाई. यानि जो वचन एक बार दे दिया, वो पूरा होकर के ही रहता है. प्रभु श्रीराम की ये रीति अब नए भारत की नीति बन गई है.
अपने वचन को पूरा करने के बाद आया हूं
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था. हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए. इस जघन्य आतंकी हमले के बाद एक दिन के बाद मैं बिहार आया था. मैंने बिहार की धरती से देश को वादा किया था, वचन दिया था बिहार की धरती पर आंख में आंख मिलाकर हमने कह दिया था कि आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा. बिहार की धरती से मैंने कहा था उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा दी जाएगी. आज जब मैं बिहार आया हूं तो अपने वचन को पूरा करने के बाद आया हूं.
पीएम मोदी ने भोजपुरी भाषा में जनता को किया प्रणाम
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी भाषा में जनता को प्रणाम करने से की. उन्होंने कहा कि बिहार क मेहनती जनता के हमार प्रणाम. पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है. यहां करीब करीब 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है.

