कुंदन कुमार, पटना। नाव हादसे में अचेत और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज पटना नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) में लगातार जारी है। हादसे के बाद से ही अस्पताल प्रशासन अलर्ट पर है और सभी पीड़ितों को तुरंत चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

​स्वास्थ्य मंत्री का अस्पताल दौरा

​हादसे की गंभीरता को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार खुद NMCH पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड और आईसीयू का दौरा कर भर्ती मरीजों का हाल-चाल लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, यह हादसा बेहद पीड़ादायक और दुखद है। इस कठिन समय में भगवान पीड़ित परिवारों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति दे।

​आईसीयू में भर्ती बच्चों की हालत स्थिर

​अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया को जानकारी दी कि सभी घायलों का इलाज बेहद सतर्कता और सही ढंग से चल रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे में प्रभावित दो बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और अब दोनों बच्चों की स्थिति पहले से बेहतर और स्थिर है।

​बेहतर इलाज का आश्वासन

​स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि NMCH के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवाओं या चिकित्सा सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। मंत्री ने विश्वास जताया कि डॉक्टरों की देखरेख में इलाजरत सभी लोग जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।