कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

भाजपा कार्यालय में नितिन नबीन की बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों अपने दो दिवसीय पटना दौरे पर हैं। दौरे के आज दूसरे दिन भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे उनकी अध्यक्षता में पार्टी नेताओं की एक बैठक आयोजित की गई है। बैठक का मुख्य उद्देश्य 8 सीटों पर हो रहे विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा करना है। इसके साथ ही आज वे पटना के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा कर पूजा-अर्चना में शामिल हो सकते हैं। कल शनिवार को उन्होंने पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल-आपका विधायक आपके साथ सदैव समर्पित का शुभारंभ किया।

मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे लालू-तेजस्वी

राजधानी पटना में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे चरम पर है। मां दुर्गा के पट खुलते ही भक्तों की भारी भीड़ पूजा पंडालों में उमड़ रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी आज रविवार को दोपहर 3 बजे पटना के विभिन्न पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा का दर्शन करेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। राजधानी में बोरिंग रोड, बेली रोड, दानापुर और कालीबाड़ी समेत पूरे शहर में आकर्षक रोशनी, सजावट और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। डाक बंगला चौराहे पर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध खजुराहो मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पटना के गांधी मैदान में जलेगा 90 फीट का रावण

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को रावण दहन का भव्य आयोजन किया जाएगा। शाम करीब 5:30 बजे से 5:45 बजे के बीच पुतला दहन का कार्यक्रम शुरू होगा। इस बार रावण दहन के लिए 90 फीट का पुतला बनाया गया है। वहीं, मेघनाथ का पुतला 85 फीट और कुंभकर्ण का पुतला 80 फीट का बनाया गया है। पुतलों को बारिश और हवा से बचाने के लिए स्टील पाइप के ढांचे का इस्तेमाल किया गया है। रावण के पुतले में लगभग 15,000 ग्रीन पटाखे और 25 रिमोट कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं। दहन के बाद करीब आधे घंटे तक इको-फ्रेंडली आतिशबाजी होगी।

ये भी पढ़ें- पटना में JEE छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली बॉडी, त्योहार में घर जाने से कर दिया था मना