कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
आज के कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनकी 25 वर्षों की देशसेवा की यात्रा के अवसर पर बिहार भाजपा युवा मोर्चा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आज पटना में तीन प्रमुख कार्यक्रम होंगे। सुबह 8:30 बजे बोरिंग रोड चौराहा स्थित शिव मंदिर में प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए हवन-पूजन होगा। सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में युवाओं के रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया जाएगा। शाम 6:30 बजे इनकम टैक्स गोलंबर के पास नया मंदिरी नाला क्षेत्र में 25 हजार दीप जलाए जाएंगे।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई
पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आज दोपहर 12 बजे जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के मंत्री मौजूद रहेंगे और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जनसुनवाई के दौरान लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं संबंधित मंत्री के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम में सरकार से जुड़े विभागों से संबंधित मामलों को भी रखा जा सकता है। पार्टी कार्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों तक मामले पहुंचाए जाएंगे।
विश्वकर्मा पूजा के आयोजन
पटना में आज विश्वकर्मा पूजा को लेकर विभिन्न स्थानों पर आयोजन होंगे। औद्योगिक क्षेत्रों, वर्कशॉप, कारखानों, निर्माण स्थलों और प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जाएगी। कई जगहों पर मशीनों और औजारों की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। पूजा को लेकर सुबह से ही तैयारियां की गई हैं। विभिन्न संस्थानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। शहर में पूजा को लेकर धार्मिक माहौल रहेगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस
पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मीडिया को संबोधित करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी पार्टी की ओर से जानकारी साझा की जा सकती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों के सवालों का जवाब भी देंगे।



