कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

MLC चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक

​बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 8 सीटों पर हो रहे चुनाव अब अपने अंतिम और निर्णायक मोड़ है। चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। इस बीच आज मंगलवार (20 अक्टूबर) को दोपहर 2 बजे एनडीए की एक संयुक्त बैठक बुलाई गई है। बैठक का मुख्य उद्देश्य 8 सीटों पर हो रहे विधान परिषद चुनाव में जीत सुनिश्चित करना और चुनावी प्रचार-प्रसार को अंतिम धार देने की है। इस बैठक में एनडीए के बड़े नेता व पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि 8 सीटों में जदयू-भाजपा 4-4 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।

पटना के गांधी मैदान में जलेगा 90 फीट का रावण

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज (20 अक्टूबर) को विजयादशमी के मौके पर रावण दहन किया जाएगा। दशहरा के मौके पर रावण दहन कार्यक्रम के लिए रावण का 90 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। वहीं, मेघनाथ का पुतला 85 फीट और कुंभकर्ण का पुतला 80 फीट का बनाया गया है। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित 71वें श्री रामलीला महोत्सव के तहत होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रावण के पुतले में लगभग 15,000 ग्रीन पटाखे और 25 रिमोट कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं। दहन के बाद करीब आधे घंटे तक इको-फ्रेंडली आतिशबाजी होगी।

पटना के कालीबाड़ी मंदिर में सिंदूर खेला

पटना के कालीबाड़ी मंदिर में आज मंगलवार को मां दुर्गा की विदाई से पहले सिंदूर खेला की रस्म निभाई जाएगी। दोपहर 3 बजे होने वाले इस पारंपरिक आयोजन में बंगाली समुदाय की महिलाएं शामिल होंगी। नवरात्रि के नौ दिन के बाद विजयदशमी के दिन मां दुर्गा की विदाई की जाती है। मां की विदाई से पहले आज बंगाली समुदाय की महिलाएं सिंदूर खेला और खोईंचा की रस्में निभाएंगी। परंपरा के अनुसार, महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं, सुहाग की कामना करती हैं और सिंदूर की होली खेलती हैं। सिंदूर खेला और रस्मों को पूरा करने के बाद नम आंखों से माँ दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए विदा किया जाता है।

ये भी पढ़ें- मंदिर जा रही महिला को हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत, NH-80 जाम कर ग्रामीणों का हंगामा