कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
आज का कार्यक्रम। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को पटना के सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। इसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भोला प्रसाद शास्त्री को भारत रत्न देने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रबीन्द्र कुमार पासवान के साथ प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य पत्रकारों को संबोधित करेंगे। संवाददाता सम्मेलन में भोला प्रसाद शास्त्री के योगदान और उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
ज्ञान भवन में सरस मेला का शुभारंभ
राजधानी पटना के ज्ञान भवन में रविवार को सरस मेला का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 10 बजे ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार करेंगे। सरस मेला में विभिन्न राज्यों और बिहार के अलग-अलग जिलों से आए स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मेले में हस्तशिल्प, स्थानीय कला, घरेलू उत्पाद, खाद्य सामग्री और अन्य ग्रामीण उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय बढ़ाने के अवसर देना है। मेले में आम लोग भी खरीदारी कर सकेंगे।
जदयू कार्यालय में बैठक
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में रविवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 1 बजे से होगी। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समेत प्रमुख पदाधिकारी और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी स्तर पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं। बैठक को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



