Bihar news: ​आज, 24 जून 2026 को बिहार पुलिस में कॉन्स्टेबल (GD) और स्पेशल ब्रांच कॉन्स्टेबल के 83 पदों के लिए राज्यभर में लिखित परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया है।

​परीक्षा का स्वरूप और टाईम- टेबल

​राज्यभर में 200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें केवल पटना में ही 20 से अधिक केंद्रों पर लगभग 8 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा एकल पाली में आयोजित की जा रही है, लेकिन अभ्यर्थियों को दो चरणों में प्रश्न पत्र हल करने होंगे।

  • ​प्रथम प्रश्न पत्र: सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक।
  • ​द्वितीय प्रश्न पत्र: दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक।

​सुरक्षा के कड़े इंतजाम और निषेधाज्ञा

​प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) से गुजरना पड़ रहा है। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और कैलकुलेटर जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है।

​पहली बार दो चरणों में बायोमेट्रिक सत्यापन

​इस बार की भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार ‘टू-स्टेज बायोमेट्रिक सत्यापन’ की व्यवस्था लागू की गई है। दोनों प्रश्न पत्रों के दौरान अलग-अलग उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही, अभ्यर्थियों के अंगूठे का निशान, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और नकल रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं।

​परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनें

​लाखों अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 23 और 24 जून को कुल 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आज 24 जून को बख्तियारपुर-राजगीर, किउल-गया, राजगीर-बख्तियारपुर, नवादा-झाझा, बक्सर-दानापुर, झाझा-पटना जंक्शन और गया-किउल रूट पर 7 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

सासाराम में भी पूरी सतर्कता

सासाराम में भी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वहां 14 केंद्रों पर 7,605 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय जैसे प्रमुख केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। केंद्राधीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सामान्य से भी बेहतर व्यवस्था की गई है।