पटना। बिहार की राजनीति में नई सरकार के गठन के साथ ही सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भविष्य की राहें तलाशनी शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित 90 मिनट की मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कसने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2030 के चुनावों में 200 सीटों का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरना है।
जनता के बीच सक्रिय रहने का निर्देश
नीतीश कुमार ने विधायकों में ऊर्जा भरते हुए कहा कि वे स्वयं जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे। उन्होंने विधायकों को नसीहत दी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और जनता से सीधा संवाद बनाए रखें। नीतीश ने आश्वस्त किया, मैं पहले की तरह ही निरंतर काम करता रहूंगा, आप बस काम पर ध्यान दें।
बैठक के तीन प्रमुख प्रस्ताव
बैठक के दौरान संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि जेडीयू की इस बैठक में तीन मुख्य प्रस्ताव पारित किए गए:
- डिप्टी सीएम का स्वागत: नए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव का औपचारिक अभिनंदन किया गया।
- नीतीश कुमार को अधिकार: विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया।
- 20 वर्षों का कार्यकाल: मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के पिछले दो दशकों के विकास कार्यों के लिए उन्हें बधाई दी गई।
अनंत सिंह का शराबबंदी पर बयान
बाहुबली नेता अनंत सिंह ने बैठक के बाद शराबबंदी पर अपने हालिया बयानों पर सफाई दी। उन्होंने कहा, मैंने सिर्फ जमीनी हकीकत बताई है। यह मेरी व्यक्तिगत राय है, मैं सरकार नहीं हूं। मुझे जो सच लगा, मैंने वही कहा। उन्होंने साफ किया कि निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर मीटिंग में कोई चर्चा नहीं हुई।
निशांत कुमार को लेकर उठने लगी मांग
भले ही बैठक में आधिकारिक चर्चा न हुई हो, लेकिन विधायक महेश्वर हजारी ने खुले तौर पर नीतीश के बेटे निशांत कुमार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब निशांत को पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए और जनता के बीच आना चाहिए।
किसे मिलेगी विधायक दल की कमान?
नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच विधायक दल के नेता का पद चर्चा का विषय है। सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, क्योंकि पार्टी में फिलहाल उन्हें नंबर 2 की भूमिका में देखा जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

