कुंदन कुमार/ पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। हालांकि इसे एक शिष्टाचार भेंट और ‘विदाई प्रोटोकॉल’ का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की भूमिका के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 10 से 14 मार्च के बीच इस्तीफा दे सकते हैं।

​भावुक हुए मुख्यमंत्री, रो पड़े विधायक

​शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई जेडीयू विधायकों की बैठक काफी भावुक रही। जब नीतीश कुमार ने अपने राज्यसभा जाने के फैसले की पुष्टि की, तो कई विधायक फूट-फूटकर रोने लगे। विधायकों ने उनसे पद न छोड़ने की अपील की, जिस पर नीतीश ने भावुक होते हुए कहा, अब मुझे जाने दीजिए, मैं वहां से सब देखता रहूंगा।

​विधायकों के साथ पहली बैठक

​नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। शनिवार को उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर करीब 24 विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में श्रवण कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से निशांत को राजनीति में लाने के फैसले का समर्थन किया है।

​कल थामेंगे जेडीयू का दामन

​निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वहीं, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा और जेडीयू के बीच मंथन जारी है। मुख्यमंत्री आज अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर के दौरे पर भी रहेंगे।