पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने के फैसले ने सूबे की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है। इस बीच लालू यादव 10 दिन के दिल्ली प्रवास (चेकअप) के बाद पटना लौटे, जहां राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला।

​नीतीश की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है: राबड़ी देवी

​पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार को जबरदस्ती हटाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है; उन्हें बिहार छोड़कर नहीं जाना चाहिए और यहीं रहकर काम करना चाहिए। राबड़ी का इशारा नीतीश के उस सोशल मीडिया पोस्ट की तरफ था, जिसमें उन्होंने राज्यसभा जाने और नई सरकार को समर्थन देने की बात कही थी।

​तेजस्वी का बीजेपी पर ‘महाराष्ट्र मॉडल’ का आरोप

​पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इस पूरी घटनाक्रम को बीजेपी की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने बिहार में ‘महाराष्ट्र मॉडल’ लागू किया है। तेजस्वी के अनुसार, बीजेपी ने नीतीश कुमार को इतना प्रताड़ित और हाईजैक कर लिया है कि उन्हें पद छोड़ना पड़ रहा है। उन्होंने आगाह किया कि बीजेपी अपने सहयोगियों को खत्म करने की राजनीति करती है।

​निशांत कुमार संभालेंगे जदयू की कमान

​नीतीश कुमार के राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलने के बाद यह साफ हो गया कि वे विदाई की तैयारी में हैं। वहीं, उनके बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रख रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने संजय झा के आवास पर 24 विधायकों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार, 8 मार्च को वे औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता लेंगे और पार्टी की कमान संभालेंगे। इस बदलाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।