Bihar Election 2025: अभी तक बिहार में परिवारवाद पर सियासी लड़ाई होती थी, लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में साला, दामाद, जमाई जी पर दंगल छिड़ गया है. राष्ट्रीय जनता दल और उनके नेता तेजस्वी यादव लगातार दामाद आयोग को लेकर तंज कसते हुए नजर आते हैं. इसी बीच एक बार फिर राजद नेता ने ‘साला’ को लेकर चुटकी ली है.
दरअसल, तेजस्वी यादव ने आज राजधानी पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात पर उन्होंने कहा कि ”दामाद जी लोग बहुत गरम होते हैं. हां भई… दामाज जी, तो हम भी साले लगे न. साला को कम नहीं समझना चाहिए. जब आ जाएगा अपने पे… तो समझते हैं साला लोग क्या करता है… ज्यादा गरमाइए मत मेहमान लोग.” राजद नेता ने कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है. करारा जवाब मिलेगा.
गौरतलब है कि बीते रोज तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेताओं के परिवार के सदस्यों को सरकार ने आयोगों में एडजस्ट किया गया है. इस दौरान उन्होंने सरकार को यहां तक सलाह दे डाली कि बिहार में ‘जमाई आयोग’ का गठन कर देना चाहिए. इस बयान के बाद लगातार ‘जमाई’ और ‘दामाद’ को लेकर बिहार की सियासत बढ़ती जा रही है.

