कुंदन कुमार/पटना। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में रसोई गैस की भारी किल्लत के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मोर्चा खोल दिया है। हाथ में बैनर, पोस्टर और गैस सिलेंडर के कट-आउट लेकर राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित राजद नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका और सत्ताधारी गठबंधन पर आम जनता की अनदेखी का आरोप लगाया।
सरकार के दावे खोखले- रणविजय साहू
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजद विधायक रणविजय साहू ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पटना में सिलेंडर के लिए हाहाकार मचा है, लेकिन सरकार के सभी दावे खोखले साबित हो रहे हैं। साहू ने आरोप लगाया कि सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है और सत्ता से जुड़े लोग इसमें शामिल हैं। प्रशासन के अधिकारी केवल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि धरातल पर गैस एजेंसियों या गोदामों में कोई निगरानी नहीं है।
छात्रों का पलायन और भविष्य पर संकट
विधायक ने विशेष रूप से छात्रों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पटना में रहकर पढ़ाई करने वाले हजारों छात्र इस किल्लत से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। उन्हें खाना बनाने के लिए गैस नहीं मिल रही है, जिसके कारण आधे से ज्यादा छात्र अपनी पढ़ाई छोड़कर गांवों की ओर लौटने को मजबूर हो गए हैं। आम जनता और युवा दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
राजद की चेतावनी
राजद ने राज्य और केंद्र सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि गैस की किल्लत जल्द दूर नहीं की गई, तो यह प्रदर्शन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी आने वाले दिनों में पूरे बिहार में सड़क पर उतरकर एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू करेगी। राजद ने मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाई जाए और मनमानी करने वाले गैस एजेंसी संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

