अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। Anganwadi Worker Recruitment: कटनी जिले के ढीमरखेड़ा मुख्यालय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी को लेकर मामला स्थानीय प्रशासन से हाईकोर्ट तक पहुंचा। जहां साल 2021 में कोर्ट ने महिला बाल विकास विभाग को मामले में निराकरण करने के निर्देश दिए थे। लेकिन तकरीबन 5 साल बीतने के बाद भी समस्या का निराकरण न होने पर पीड़ित महिला सोना सोनी ने एसडीम से न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित आवेदन देकर समस्या से रूबरू कराया।
प्रभार मुक्त करने के बाद पीड़िता ने उच्च न्यायालय में लगाई थी याचिका
ढीमरखेड़ा इंदिरा आवास कॉलोनी निवासी सोना सोनी ने आवेदन पत्र में एसडीएम को बताया कि उनकी नियुक्ति साल 2006 में केंद्र क्रमांक 3 में हुई थी। 11 सालों तक सेवाएं देने के बाद शिकायत लेकर साल 2019 में उन्हें प्रभार मुक्त कर दिया गया था। जिसके संबंध में उच्च न्यायालय में याचिका लगाई गई थी।
हाईकोर्ट के आदेश के 5 साल बाद भी प्रक्रिया जारी
मामले में साल 2021 में नई नियुक्ति करने का फैसला लिया गया है जिसमें सोना सोनी को प्राथमिकता देते हुए उनकी नियुक्ति की जाए। लेकिन 5 साल बीतने के बावजूद विभाग के अधिकारियों ने आज तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया। लल्लूराम डॉट कॉम ने जब परियोजना अधिकारी से इस मामले की वजह जानने की कोशिश की तो उन्होंने प्रक्रिया जारी होने की बात कही। लेकिन सवाल यह उठता है कि यह कैसी प्रक्रिया है जो बीते 5 सालों से लगातार चल रही है और इसका समाधान ही नहीं हो रहा है।
एसडीएम ने दिए ये निर्देश
हालांकि, एसडीएम निधि गोहल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना अधिकारी से संपर्क किया और मामले की जानकारी ली। न्यायालय संबंधी विषय को लेकर एसडीएम ने परियोजना अधिकारी को नियमानुसार समय सीमा में व्यवस्था बनाने के संबंध में निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि उच्च न्यायालय के आदेश को अनदेखा करने वाले अफसर SDM के आदेश का कितना पालन करते हैं और महिला को न्याय दे पाते हैं।

