सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में जमीन के विवाद को लेकर कांग्रेस के युवा हलका इंचार्ज लवप्रीत सिंह की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में उनके पिता नाजम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मंगलवार को कालांवाली गांव में लवप्रीत सिंह, उनके पिता नाजम सिंह और सौतेला भाई गुरलाल खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान जमीन के बंटवारे को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गुरलाल ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसने लवप्रीत पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए पिता नाजम सिंह पर भी डंडों से कई वार किए गए, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। घायल नाजम सिंह को कालांवाली सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार का कहना है कि वे अभी बोलने की हालत में नहीं हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है।
25 एकड़ जमीन और पारिवारिक कलह बना विवाद की वजह
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक लवप्रीत सिंह कालांवाली गांव में ही परिवार के साथ रहते थे। उनके पिता नाजम सिंह की दो शादियां हुई हैं। पहली शादी से एक बेटा (गुरलाल) और एक बेटी हैं, जबकि दूसरी शादी से लवप्रीत सिंह हुए थे। लवप्रीत अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ अलग घर में रहते थे, जबकि सौतेला भाई गुरलाल पिछले 7-8 महीने से अलग रह रहा था।
नाजम सिंह के पास करीब 25 एकड़ जमीन है। वे खुद लवप्रीत के साथ ही रहते हैं। आरोप है कि नाजम सिंह ने जमीन का अधिकांश हिस्सा लवप्रीत और अपने पास रखा है, जबकि दूसरे बेटे गुरलाल के हिस्से में काफी कम जमीन आई है। इसी जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसे सुलझाने के लिए पहले कई बार पंचायतें भी हो चुकी थीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मंगलवार सुबह खेत में इसी बात को लेकर फिर से झगड़ा हो गया जो इस खूनी वारदात में बदल गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

