कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व के साथ सत्ता की हलचल तेज हो गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की पहली महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इनमें 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने का फैसला लिया गया है। इसके लिए कुल 66.75 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 680 करोड़ रुपए की लागत से बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। साथ ही मुंगेर के तारापुर में धार्मिक और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसके लिए 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को मुफ्त दी जाएगी।

जानिए सम्राट कैबिनेट के अहम फैसले

​1. निबंधन विभाग: बुजुर्गों को मिलेगी बड़ी राहत

​बिहार में नई निबंधन नियमावली 2026 को लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को रजिस्ट्री प्रक्रिया में विशेष सुविधा और प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

​2. पर्यटन का कायाकल्प: हरिहरनाथ बनेगा ‘काशी’ जैसा

  • ​सोनपुर: विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र का विकास अब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा। इस भव्य प्रोजेक्ट के लिए 680 करोड़ रुपए का बजट पास किया गया है।
  • ​तारापुर: मुंगेर के तारापुर में धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं को विस्तार देने के लिए 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को मुफ्त हस्तांतरित की जाएगी।

3. युवा और रोजगार: IIT बनेंगे आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर

​युवाओं के कौशल विकास के लिए राज्य के 75 ITI (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों) को अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा।
​इस पूरे प्रोजेक्ट पर 3615 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
​इसमें बिहार सरकार 1192.95 करोड़ रुपए का योगदान देगी।

​4. नगर विकास: नए सैटेलाइट टाउनशिप की तैयारी

​बिहार के शहरीकरण को नई दिशा देने के लिए राज्य में 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बसाने का फैसला लिया गया है। फिलहाल, चिन्हित किए गए इन इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री और किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर रोक लगा दी गई है ताकि योजनाबद्ध तरीके से काम हो सके।

5. IT सेक्टर: IIT पटना में रिसर्च और इनोवेशन

​सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए IIT पटना में एक अत्याधुनिक रिसर्च पार्क बनाया जाएगा, जिसके लिए 305 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
​इसके अलावा, IIT पटना के इन्क्यूबेशन सेंटर (फेज-2) को शुरू करने के लिए भी 39.01 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

6. गृह विभाग: महिला सुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग

  • ​वाहन सुविधा: महिला सुरक्षा और पुलिस की गतिशीलता बढ़ाने के लिए 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल दी जाएगी। इस पर कुल 66.75 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
  • ​इन्फ्रास्ट्रक्चर: पटना के राजीव नगर में ERSS और राज्य पुलिस डेटा सेंटर के स्थायी भवन निर्माण के लिए 172.80 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।
  • ​फायर सेफ्टी: शहरों में ऊंची इमारतों में लगने वाली आग पर काबू पाने के लिए सरकार 62 मीटर ऊंची हाइड्रोलिक एरियल लैडर मशीन खरीदेगी। इसकी लागत 18 करोड़ रुपए होगी।

​नीतीश कुमार से मुलाकात और ‘गुरु-शिष्य’ वाली तस्वीर

​कैबिनेट बैठक से ठीक पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली से लौटते ही सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। तस्वीरों में नीतीश कुमार बड़े बुजुर्ग की तरह सम्राट के दोनों कंधों पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं, वहीं सम्राट चौधरी ने सिर झुकाकर उनका अभिवादन किया। यह मुलाकात बिहार की भविष्य की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच बेहतर तालमेल का संकेत मानी जा रही है।

​दिल्ली दौरे में हुआ भविष्य का रोडमैप तैयार

​अपनी कैबिनेट बैठक से पहले सम्राट चौधरी दिल्ली में काफी सक्रिय रहे। मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद सम्राट ने सोशल मीडिया पर साझा किया कि उन्हें राज्य के समग्र विकास और जनकल्याण के विषयों पर पीएम का मार्गदर्शन मिला है। प्रधानमंत्री के अलावा उन्होंने दिल्ली में आरएसएस (RSS) मुख्यालय का दौरा किया और वरिष्ठ नेताओं राधामोहन सिंह व गिरिराज सिंह से भी भेंट की।