पटना। बिहार की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक आह्वान पर शुरू किए गए देशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई है। इस महाअभियान के अंतर्गत उन्होंने अपने आधिकारिक लोकसेवक आवास पर ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

​इस अवसर पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हर भारतवासी को राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की ऊर्जा देता है। सम्राट चौधरी ने राज्य और देश की समस्त जनता से यह पुरजोर अपील की है कि वे भी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रभक्ति के महाअभियान का हिस्सा बनें।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे तिरंगे के साथ अपनी खूबसूरत तस्वीरें #HarGharTiranga हैशटैग का उपयोग करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा करें।

उनका मानना है कि जनभागीदारी का यह यह अनूठा प्रयास इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिससे देश के कोने-कोने में देशभक्ति की अलख जागती है।
​स्वतंत्रता दिवस के इस खास मौके पर हर घर तिरंगा अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। बिहार के विभिन्न जिलों में भी सरकारी आवासों, कार्यालयों और आम नागरिकों के घरों पर तिरंगे की शान में लोग जुट रहे हैं। सम्राट चौधरी द्वारा की गई यह अपील न केवल प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं में बल्कि आम जनता में भी नए जोश का संचार कर रही है। यह अभियान हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों की याद दिलाता है और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने की प्रेरणा देता है। आइए, हम सब मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं और अपने राष्ट्रध्वज के प्रति अपनी अटूट निष्ठा का परिचय दें।