कुंदन कुमार/ पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) की प्रतीक्षा कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक अपडेट सामने आया है। राज्य में शिक्षक बहाली प्रक्रिया को गति देने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा मंत्री के साथ उच्च-स्तरीय बैठक के बाद स्पष्ट किया है कि शिक्षक भर्ती को लेकर प्रक्रिया अब तेज कर दी गई है।
जुलाई में आएगा TRE 4 का विज्ञापन
अभ्यर्थियों के लंबे संघर्ष और मांग को देखते हुए सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि शिक्षक बहाली का विज्ञापन आगामी जुलाई महीने में जारी कर दिया जाएगा। सरकार का मुख्य लक्ष्य TRE 4 के माध्यम से रिक्त पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से भरना है। पहले इस चरण में 46,000 शिक्षकों की नियुक्ति की योजना बनाई गई थी, जिसे अब और अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की तैयारी है।
5 साल में 1 लाख शिक्षकों का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षा विभाग के लिए एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। आगामी 5 वर्षों में कुल 1 लाख शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इस योजना के तहत प्रत्येक वर्ष औसतन 20,000 शिक्षकों की नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएंगी। यह कदम राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरी तरह से दूर करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
शिक्षक स्थानांतरण नीति में बदलाव
इस बैठक में स्थानांतरण (Transfer) नीति को लेकर भी बड़े बदलावों की चर्चा हुई है। महिला शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर देते हुए सरकार ने घोषणा की है कि उनका स्थानांतरण उनके गृह प्रखंड में ही प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहीं, पुरुष शिक्षकों के लिए भी सुविधा प्रदान करते हुए उनके मनचाहे जिले में स्थानांतरण की प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया गया है।
सरकार का यह निर्णय न केवल शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि इससे राज्य की शिक्षा प्रणाली में गुणात्मक सुधार की भी उम्मीद है। विज्ञापन के जारी होने के बाद, भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अन्य जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएंगी।

