कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज सोमवार (7, सितंबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
10 सूत्री मांगों को लेकर AISF का आंदोलन
पटना विश्वविद्यालय में LLB की फ्री पढ़ाई समेत, PG की फीस में बढ़ोतरी और MFA की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं होने के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) आज सुबह 11 बजे से धरने पर बैठेंगे। उनके साथ इस आंदोलन में कई सारे संगठन के छात्र भी शामिल होंगे। संगठन की ओर से इन मुद्दों समेत दस सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
खान एवं भूतत्व विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक
खान एवं भूतत्व विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी की अध्यक्षथा में यह समीक्षा बैठक होगी, जिसमें विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) में आज एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और मीडिया को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 2 बजे निर्धारित किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान राजेश राम मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम, बढ़ती मंहगाई और अपराध समेत अन्य मुद्दों को लेकर अपनी बात सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वे पार्टी की भविष्य, विस्तार और रणनीतियों पर भी प्रकाश डाल सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, गृह विभाग ने 37 डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों का किया तबादला



