Bihar Weather Today: बिहार में पिछले कई दिनों से आंधी-पानी का दौर जारी है, जिससे लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि राज्य में एक बार फिर से गर्मी बढ़ने के संकेत मिले हैं। अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

आज रविवार (3 मई) को दिन के समय उमस भरी गर्मी महसूस होगी, हालांकि शाम व रात के समय कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में ज्यादा बदलाव तो नहीं होगा, लेकिन उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।

पिछले 24 घंटों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिली। खासकर उत्तर बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज हुई। इसका असर दक्षिण बिहार में भी देखने को मिला और वहां के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

कटिहार जिले के प्राणपुर में सर्वाधिक 114.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पूर्णिया के कस्बा में 112.4 मिमी, ढेंगराघाट में 106 मिमी, पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में 82.6 मिमी, बेतिया में 80.6 मिमी, केसरिया में 80.2 मिमी तथा कटिहार में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई।

उत्तर बिहार में मौसम अभी भी सुहावना

मौसम विभाग की ओर से एक तरफ जहां, बिहार में फिर से तापमान बढ़ने और उमस भरी गर्मी पड़ने का अनुमान जताया गया है। वहीं, उत्तर बिहार के इलाकों में अभी भी बादलों ने अपना डेरा जमाया हुआ है, जिससे इन इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक आंधी और बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान आसमान से बिजली गिरने की भी संभावना है। इससे यहां के लोगों को अगले तीन दिनों तक उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दर्जन भर से अधिक लोगों की मौत

पिछले दिनों हुई आंधी-बारिश के कारण एक तरफ जहां, लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं, आसमानी बिजली ने जमकर मौत का तांडव भी मचाया। आंधी और आकाशीय बिजली गिरने के कारण पिछले कुछ दिनों में दर्जनभर से अधिक लोगों की जान चली गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज हवा और ओलावृष्टि होने की वजह से खेत की फसलों को भी भारी पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। वहीं, लीची और आम के फल भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में फिर सुबह-सुबह एनकाउंटर, BJP नेता के भांजे की हत्या करने वाले सोनू यादव को पुलिस ने किया ढेर