Bihar Today Weather: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलता हुआ दिख रहा है। दरअसल मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक राज्य के दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम में हुए इस बदलाव से खासकर दक्षिणी वाले इलाकों में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
24 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
आज की बात करे तो मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर संभावना जताई है। इस दौरान 5 जिलों में भारी से भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पटना, आरा, नालंदा समेत कुछ जिलों में भारी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, इसके अलावा राज्य के बाकी हिस्सों में आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जिसमें लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। यह सिलसिला 26 अगस्त तक जारी रहेगा। मौसम के खराब होने के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।
25 अगस्त को इन जिलों में अलर्ट जारी
वहीं, कल 25 अगस्त को पश्चिमी चंपारण से लेकर किशनगंज तक कई जिलों में हल्की से लकर मध्यम बारिश तक का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज गर्जन के साथ आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। इनमें पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर,पूर्णिया, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक मजबूत मौसम तंत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय हुआ है, जिसे मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों के आसपास तक सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के असर से बिहार में अगले कुछ घंटों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, राजद और कांग्रेस की PC, एक दिवसीय अनशन का ऐलान

