Bihar Weather Today: बिहार में भीषण गर्मी के बीच पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने आज मंगलवार (28 अप्रैल) को भी प्रदेश के 36 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 14 जिलों के लिए ऑरेंज और 24 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राजधान पटना समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में बादल छाए रहने की उम्मीद है।

30 अप्रैल तक आंधी-पानी

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों 30 अप्रैल तक प्रदेश में आंधी-पानी का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान से ठनका भी गिरने की संभावना है। वहीं, 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तर और पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। इस दौरान आसमान से ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम में हुए अचानक बदलाव का असर तापमान में भी देखने को मिला है। साथ ही अगले 2 दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि 30 अप्रैल को बारिश का दौर खत्म होने के बाद 1 मई से भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटे की बात करे तो कैमूर में सबसे अधिक तापमान 41.4 डिग्री रहा, जबकि राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा।

अब तक 5 लोगों की मौत

बारिश और आंधी के कारण राज्य के लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से थोड़ी राहत तो जरूर मिली है, लेकिन मौसम में हुआ यह बदलाव कई परिवार के लिए काल साबित हुआ है। एक तरफ जहां आंधी-पानी और ओलावृष्टि के कारण बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, आसमानी बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग स्थानों पर अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते दिन कटिहार में 3 लोगों की जान चली गई थी।

जानें मौसम में क्यों हुआ बदलाव?

दरअसल मौसम में अचानक हुए बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा का असर भी है। ऊपर आसमान में तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम अस्थिर हो गया है। इसी कारण कई जगहों पर बादल छा रहे हैं, तेज हवा चल रही है और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 अप्रैल तक यह स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू की बैठक, कांग्रेस की PC, राजद की प्रेस कॉन्फ्रेंस, एक नजर आज के बड़े…