Bihar Top News Today 02 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
नितिन नवीन कल पटना में
पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को बिहार की राजनीति और आगामी संगठनात्मक रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वे पटना में होली मिलन समारोह का हिस्सा बनेंगे और संभवतः 5 मार्च को दिल्ली लौटेंगे, जो राज्यसभा नामांकन की अंतिम तिथि भी है।
बिहार में होली की बहार
पटना। बिहार समेत पूरे देश में रंगों का महापर्व होली पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गांव की चौपालों से लेकर शहर की गलियों तक, हर तरफ फागुन की मस्ती छाई हुई है। नेताओं से लेकर कलाकारों तक, हर कोई रंगों और गीतों के इसमें सराबोर नजर आ रहा है। बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एक अलग ही अंदाज में नजर आईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ न केवल होली खेली, बल्कि खुद ढोल-मंजीरा संभालकर पारंपरिक फगुआ गीत भी गाए। वहीं, सीवान में आयोजित एक होली मिलन समारोह में मशहूर गायिका स्वाती मिश्रा ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में लोग घंटों झूमते रहे।
चिराग की ओवैसी को चेतावनी
पटना। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान ने राज्य में एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है, जिस पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सुप्रीमो और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ओवैसी के बयान पर पलटवार करते हुए चिराग पासवान ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और युद्ध जैसे संवेदनशील विषयों पर देश के भीतर राजनीति करना उचित नहीं है। पासवान ने तर्क दिया कि इस मामले में कई वैश्विक शक्तियां शामिल हैं और परिस्थितियां अत्यंत जटिल हैं। ऐसे में देश के भीतर से उठने वाले विवादित बयान भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि और कूटनीतिक प्रयासों को प्रभावित कर सकते हैं।
पटना में गन लाइटर के दम पर लूट
पटना। राजधानी के जक्कनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीठापुर बाईपास पर पुलिस ने रविवार को राहगीरों के साथ लूटपाट करने वाले एक कुख्यात ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। इनके पास से लूट के 800 रू., एक मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल ऑटो और डराने के लिए इस्तेमाल किया गया ‘गन लाइटर’ बरामद किया गया है।
चिराग पासवान के दफ्तर में होली की धूम
पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के कार्यालय में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और अबीर-गुलाल की उड़ती रंगीन फुहारों के बीच चिराग ने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान पूरा दफ्तर होली है के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मेट्रो के समय में बदलाव
पटना। रंगों के त्योहार होली को देखते हुए पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PMRCL) ने परिचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। आगामी 4 मार्च को होली के अवसर पर सुबह के सत्र में मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए स्पष्ट किया गया है कि मेट्रो का परिचालन दोपहर 2:30 बजे से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से पुनः प्रारंभ होगा, जिसके बाद ट्रेनें अपने निर्धारित सामान्य शेड्यूल के अनुसार चलेंगी।
नित्यानंद राय का आरजेडी पर तंज
पटना। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विपक्षी दलों, विशेषकर आरजेडी और टीएमसी पर हमला बोला। उन्होंने बिहार के आगामी राज्यसभा चुनाव से लेकर पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मुद्दों पर केंद्र सरकार का कड़ा रुख स्पष्ट किया। बिहार की राजनीति पर चर्चा करते हुए नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को सीधी चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में आरजेडी को एक भी सीट नसीब नहीं होगी। राय ने कहा, आरजेडी चाहे तो चुनाव लड़ ले, लेकिन उनका खाता नहीं खुलेगा। उन्होंने आरजेडी के 15 साल के शासनकाल की याद दिलाते हुए उसे ‘जंगलराज’, भ्रष्टाचार और परिवारवाद का दौर बताया और कहा कि जनता अब विकास के साथ है।
पवन सिंह जाएंगे राज्यसभा?
पटना। भोजपुरी फिल्म जगत के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनके बेहद करीबी सहयोगी और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने दावा किया है कि पवन सिंह का राज्यसभा जाना लगभग तय है। गुंजन सिंह ने आत्मविश्वास के साथ कहा, बस आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार कीजिए, सब कुछ साफ हो जाएगा।
उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे दिल्ली
पटना। बिहार की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी चरम पर है। इसी बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा का अचानक दिल्ली दौरा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, कुशवाहा को भाजपा आलाकमान ने तलब किया है, जहां उनकी मुलाकात पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से होनी है।
आपसी विवाद में गोलीबारी
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के झरौखर थाना क्षेत्र अंतर्गत भंगहा गांव में गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 50 वर्षीय राकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


