Bihar Top News Today 02 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

नीतीश ने छोड़ा CM हाउस, 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट हुए

पटना। ​बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने लगभग 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री आवास (1, अणे मार्ग) को अलविदा कह दिया है। शनिवार को वे अपने नए आवंटित आवास 7, सर्कुलर रोड में पूरी तरह शिफ्ट हो गए। इस नए सफर में उनके बेटे निशांत कुमार भी उनके साथ रहेंगे। शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं की उपस्थिति में नए घर में विशेष पूजा-अर्चना की थी, जिसके बाद शनिवार को शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

घर में घुसकर दिनदहाड़े मर्डर

पटना। शहर के अशोक राजपथ इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लालबाग में किराए के मकान में रह रहे एक दंपती पर अपराधियों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिसमें पति की मौत हो गई। ​घटना उस समय की है जब 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम और उनकी पत्नी नाजिया परवीन अपने कमरे में सो रहे थे। अचानक एक युवक चाकू लेकर कमरे में दाखिल हुआ। नाजिया के अनुसार, हमलावर ने नवाज की छाती पर बैठकर बेरहमी से उनका गला रेत दिया। नवाज पटना के एक मॉल में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत थे।

अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव नहीं होगा: विजय चौधरी

पटना। बिहार विधानसभा में सरकार का पक्ष रखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट कर दिया कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जरूर है, लेकिन इसका मार्ग और कार्यशैली नीतीश कुमार द्वारा ही निर्धारित की गई है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि गठबंधन के स्वरूप में बदलाव के बावजूद सरकार के मूल सिद्धांतों में कोई परिवर्तन नहीं आया है।

AEDO परीक्षा लेने वाली कंपनी ब्लैकलिस्टेड

​पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने परीक्षाओं में शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक कड़ा कदम उठाया है। हाल ही में आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा में गड़बड़ी और लापरवाही के गंभीर आरोपों के बाद, आयोग ने बायोमैट्रिक सेवा प्रदाता एजेंसी M/s Sai Educare Pvt. Ltd. के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है। ​AEDO भर्ती के लिए 14 से 21 अप्रैल 2026 के बीच मुंगेर, नालंदा, समस्तीपुर समेत राज्य के विभिन्न जिलों में परीक्षा आयोजित की गई थी। इस दौरान कई केंद्रों पर कदाचार (Cheating) और तकनीकी गड़बड़ी के प्रयास सामने आए। जांच में यह पाया गया कि बायोमैट्रिक मिलान और उपस्थिति दर्ज करने की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी, साई एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड, इन अनियमितताओं में संदिग्ध रूप से संलिप्त थी।

पूरे बिहार में आपदा प्रबंधन अलर्ट सिस्टम का ट्रायल

पटना। आज बिहार के करोड़ों मोबाइल यूजर्स उस वक्त चौंक गए जब उनके फोन अचानक तेज वाइब्रेशन और सायरन के साथ बजने लगे। दरअसल, यह कोई वास्तविक खतरा नहीं बल्कि भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा किया गया एक तकनीकी परीक्षण था। ​यह ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ का एक राज्यव्यापी ट्रायल था। इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं जैसे—भूकंप, बाढ़ या भीषण चक्रवात के दौरान लोगों को समय रहते सचेत करना है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि संकट के समय बिना इंटरनेट या नेटवर्क की देरी के हर नागरिक तक जानकारी पहुंच सके।

शादी में आई महिला से हैवानियत की कोशिश

सहरसा। जिले से एक मामला सामने आया है, जहां सुबह की सैर पर निकली एक महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया। ग्रामीणों के जबरदस्त आक्रोश और आरोपी की घेराबंदी के बीच पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। ​मिली जानकारी के अनुसार, मामला सदर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 का है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला यहां आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने आई हुई थी। शनिवार की अहले सुबह जब महिला टहलने के लिए घर से बाहर निकली, तभी घात लगाए बैठे एक स्थानीय युवक ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की।

कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ‘जजिया टैक्स’ जैसी क्रूरता

पटना। देश में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी ने एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। मोदी सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने इसे आम आदमी और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ने वाला कदम बताया है। कांग्रेस प्रवक्ताओं का कहना है कि यह आर्थिक बोझ मध्यकालीन भारत के ‘जजिया टैक्स’ से भी कहीं अधिक दमनकारी और क्रूर है।

सिरफिरे प्रेमी की खौफनाक साजिश

औरंगाबाद। जिले में एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है, जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की शादी रोकने के लिए खूनी खेल रचा। इस मामले में पुलिस ने उस शूटर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने दूल्हे के पिता पर जानलेवा हमला किया था। पकड़े गए अपराधी की पहचान पटना के बिहटा निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने खाकी को भी हैरान कर दिया है। ​पुलिस जांच में पता चला कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड दुल्हन का प्रेमी दिलीप कुमार है। दिलीप किसी भी कीमत पर यह शादी रुकवाना चाहता था। इसके लिए उसने शूटर जितेंद्र और उसके साथियों को 1.5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। प्रेमी की शूटरों को स्पष्ट हिदायत थी या तो दूल्हे को खत्म कर दो या उसके पिता को, बस शादी नहीं होनी चाहिए। साजिश को अंजाम देने के लिए 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।

युवक की गोली मारकर हत्या

बेगूसराय। बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बेगूसराय जिले के खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र का है, जहां मसुराज पंचायत भवन के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की नाकाम कोशिश की, लेकिन मृतक के सिर पर मौजूद गोली के निशान ने हत्या की साजिश की पोल खोल दी।

निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा

पटना/बेतिया। बिहार की राजनीति में एक नई ऊर्जा फूंकने और जनता के बीच आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से निशांत कुमार कल से अपनी महत्वपूर्ण ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह यात्रा न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम मानी जा रही है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। ​यात्रा का आधिकारिक श्रीगणेश कल सुबह 11:00 बजे 7, सर्कुलर रोड से होगा। निशांत कुमार के प्रस्थान के समय कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ने की उम्मीद है। पटना से बेतिया के सफर के दौरान रास्ते में कई पड़ावों पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। सबसे पहले बजरंग चौक (आवर ब्रिज) पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसके उपरांत, वैशाली जिला कार्यालय (जेल गेट), सकरी चौक (मुजफ्फरपुर) और महेंद्र चौक, मंगराही (पूर्वी चंपारण) में स्वागत समारोह आयोजित किए जाएंगे, जो यात्रा के प्रति जन-उत्साह को दर्शाते हैं।