Bihar Top News Today 02 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

स्वरा भास्कर के पद्मावत जौहर टिप्पणी विवाद पर पटना में शिकायत

पटना। अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर दृश्य पर दिए गए एक बयान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी क्रम में पटना के कोतवाली थाने में अभिनेत्री के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने इस मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ​यह पूरा विवाद 31 अगस्त को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘वुमन, लाइफ, फ्रीडम’ नामक टॉक शो के दौरान शुरू हुआ था। इस इवेंट में स्वरा भास्कर ने फिल्म ‘पद्मावत’ के प्रसिद्ध जौहर दृश्य का जिक्र किया था। अभिनेत्री ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि इस तरह के दृश्यों से बलात्कार से बचने वाली महिलाओं यानी सर्वाइवर्स तक गलत संदेश पहुंच सकता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या हम समाज को यह संदेश देना चाहते हैं कि यदि कोई महिला इज्जतदार और बहादुर है, तो उसे खुद को समाप्त कर लेना चाहिए? स्वरा ने फिल्म के एक सीन का हवाला देते हुए कहा था कि इसे देखकर उन्हें काफी गुस्सा आया था और उन्होंने इसके विरोध में निर्देशक संजय लीला भंसाली को एक खुला पत्र भी लिखा था। उनके इस बयान के सोशल मीडिया पर सामने आते ही भारी विरोध शुरू हो गया था।

तिरहुत MLC चुनाव की तैयारी में जन सुराज

मुजफ्फरपुर। ​बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत जमीन तलाश रही जन सुराज पार्टी ने आगामी तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों को लेकर अपनी चुनावी गतिविधियों को बेहद तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में जन सुराज के प्रमुख रणनीतिकार और सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को मुजफ्फरपुर के जिला परिषद मार्केट स्थित होटल शुभकामना में आयोजित एक महत्वपूर्ण उच्च-स्तरीय बैठक में शिरकत की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधान परिषद चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करना और योग्य उम्मीदवारों के चयन पर मंथन करना था।

डस्टबिन घोटाले में तेजस्वी भी लपेटे में

पटना। राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज करते हुए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने बहुचर्चित डस्टबिन खरीद घोटाले में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के साथ-साथ पूर्व उपमुख्यमत्री तेजस्वी यादव की भूमिका को भी संदिग्ध बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इसके साथ ही, दिल्ली में बिहार के एक मौजूदा मंत्री के साथ हुई कथित मारपीट की घटना पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी और राज्य की कानून-व्यवस्था व शासन के शीर्ष नेतृत्व के चरित्र पर गंभीर सवाल खड़े किए। ​प्रशांत किशोर ने प्रेस को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि बिहार में करोड़ों रुपये के चर्चित डस्टबिन खरीद घोटाले के तार पिछली व्यवस्था से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने तथ्यों को सामने रखते हुए कहा कि डस्टबिन की खरीद प्रक्रिया की शुरुआत तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव के कार्यकाल के दौरान ही हुई थी। प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा कि इस पूरे मामले में केवल मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की ही नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव की भूमिका की भी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि जनता के गाढ़े पसीने की कमाई को किस तरह से दोनों दलों के नेताओं की मिलीभगत से चूना लगाया गया।

बैंक ऑफ इंडिया के नीचे प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग

पटना के व्यस्त इलाके जमाल रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के नीचे बने एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते तेज लपटों के साथ काला धुआं आसमान में छाने लगा। घटना के वक्त बैंक के भीतर मौजूद ग्राहक और बैंककर्मी अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की तरफ भागे। आग की इस अचानक हुई दुर्घटना से इलाके में कुछ देर के लिए पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। ​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। लोदीपुर, कंकड़बाग और सचिवालय अग्निशमन केंद्रों से करीब छह बड़ी दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। हालांकि, दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय चाय दुकानदार पप्पू और आसपास के अन्य होटल संचालकों ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने खुद ही गोदाम का शटर उठाकर पीछे से पानी डालकर आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया।

सीएम ने शुरू किया चिकित्सा आपके द्वार अभियान

बिहार सरकार ने राज्य के नागरिकों को घर-बघर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। अब आम जनता को छोटी-छोटी स्वास्थ्य जांच या शुरुआती लक्षणों की पहचान के लिए अस्पतालों की लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें सीधे नागरिकों के द्वारों तक पहुंचकर उनकी सेहत की जांच करेंगी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में औपचारिक रूप से ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए विशेष तौर पर तैयार किए गए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल स्वास्थ्य सुविधाओं को केवल अस्पतालों तक सीमित न रखकर उन्हें सीधे जनता के घरों तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास है।

दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी, एक भाई की मौत

नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के संतन बिगहा गांव में कल मंगलवार की देर रात मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। करीब रात 11 बजे दोनों पक्षों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में 25 वर्षीय युवक संजीव कुमार यादव की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, उसका भाई कविन्द्र यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत करीब दो दिन पहले धान के खेत में निकौनी को लेकर हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, नंदु यादव और भोनु यादव के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मिथिलेश यादव ने बीच-बचाव करते हुए झगड़ा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर मिथिलेश और नंदु यादव के बीच भी तनातनी हो गई थी।

बाढ़ का विकराल रूप, सात पंचायतें जलमग्न

पटना से सटे दानापुर इलाके में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर गंभीर बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। पिछले 11 दिनों की राहत के बाद दोबारा उपजी इस आपदा से दियारा क्षेत्र के जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। गंगा नदी वर्तमान में खतरे के निशान से करीब दो फीट ऊपर बह रही है, जिसके चलते दियारा की सात पंचायतें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं और कई इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं। ​पिछले तीन दिनों के भीतर गंगा के जलस्तर में लगभग तीन फीट की तीव्र बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तेजी से बढ़े पानी का असर निचले इलाकों की सड़कों और खेतों पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां तीन से चार फीट तक पानी बह रहा है। कासीमचक सहित कई अन्य पंचायतों के स्थानीय निवासियों के घरों के अंदर डेढ़ से दो फीट तक पानी घुस चुका है। हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि लोगों को अपने आशियाने छोड़कर ऊंचे स्थानों और सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।

बहाली की मांग को लेकर जीविका अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा

पटना। बिहार में लंबे समय से अटकी बहाली प्रक्रियाओं को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। कुछ इसी तरह का नजारा आज बुधवार (2, सितंबर) जदयू कार्यालय के बाहर भी देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में जीविका अभ्यर्थी जदयू कार्यालय पहुंचे। ये अभ्यर्थी जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार से मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जदयू कार्यलाय में ताला लगा दिया गया, जिससे अभ्यर्थी भड़क उठे और नारेबाजी करना शुरू कर दिया।

रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव

जमुई। जिले के गिद्धौर-जमुई रेल खंड पर एक घटना सामने आई है। गिद्धौर रेलवे स्टेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर पोल संख्या 378/20 के पास रेलवे ट्रैक के किनारे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद गिद्धौर थाने के सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए झाझा रेल पुलिस (GRP) को सौंप दिया है। पुलिस अब शव की शिनाख्त करवाने और घटना के असल कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, थानेदार के साथ आरोपी की फोटो आई सामने

पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा हर्ष फायरिंग करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में आरोपी युवक की एक तस्वीर स्थानीय थानेदार के साथ भी सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। ग्रामीण एसपी के सख्त निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई और तुरंत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ​सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए पुलिस को इस वायरल वीडियो की जानकारी मिली थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी गोपनीय जांच शुरू की। जांच के दौरान दीदारगंज पुलिस ने स्थानीय स्तर पर छानबीन की और महाल चौकीदार संजय पासवान को खानपुर गांव भेजा गया, जहां ग्रामीणों से इस संबंध में पूछताछ की गई।