Bihar Top News Today 03 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 03 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बिहार सरकार ने पेश किया बजट
पटना। बिहार विधानमंडल सत्र के दूसरे दिन यानी की आज बिहार सरकार ने अपना बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने सदन पटल पर 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया है। वित्त मंत्री ने कहा कि, बिहार की महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपए तक दिए जाएंगे।
बजट पेश करने से पहले विजेंद्र यादव ने एनडीए को फिर से सत्ता को लाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार और राज्य सरकार लगातार मिलकर बिहार को आगे बढ़ा रहे है। प्रदेश में आर्थिक विकास दर आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस साल 14.9 तक विकास दर जाने का अनुमान लगाया।
बिहार कांग्रेस में बगावत
पटना। बिहार कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए 17 मार्च को महासम्मेलन करने का ऐलान किया है। इस सम्मेलन में पूरे बिहार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। 7 फरवरी से असंतुष्ट नेताओं की टीम राज्य के सभी 40 राजनीतिक जिलों का दौरा कर बैठकों के जरिए समर्थन जुटाएगी। उनका कहना है कि पार्टी में चल रही गड़बड़ियों को राहुल गांधी के सामने रखा जाएगा।
शक में की पत्नी की हत्या
कैमूर। जिले के डेहरी रेलवे स्टेशन के पास लाल सूट में महिला का शव मिलने के मामले में आरोपी पति कैमूर जिले से गिरफ्तार किया गया है। घटना की जांच में सामने आया कि मृतका के पति क्यमुदिन शेख मंसूरी का अपने मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था। पत्नी बार-बार इस संबंध का विरोध करती रही, जिसके चलते आरोपी ने खौफनाक साजिश रचकर पत्नी की हत्या कर दी।
CM का बुलेटप्रूफ रेंज रोवर में सफर
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अपनी सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए हाई-एंड रेंज रोवर में सफर करेंगे। राज्य सरकार ने उनके काफिले के लिए चार नई गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक गाड़ी की कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपए होगी। यह कदम मुख्यमंत्री की सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
अब तक नीतीश कुमार अपनी सादगी और साधारण जीवनशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। राजधानी पटना में वे हुंडई आयोनिक 5 का उपयोग करते हैं, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए है और यह बुलेटप्रूफ नहीं है। वहीं, पटना के बाहर टाटा सफारी बुलेटप्रूफ वाहन में सफर करते हैं।
राबड़ी आवास पर बैठक
पटना। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर मंगलवार को महागठबंधन विधायक दल की अहम बैठक शुरू हुई। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कर रहे हैं। इसमें राजद, कांग्रेस और माले के विधायक शामिल हुए। माना जा रहा है कि यह बैठक मौजूदा बजट सत्र को लेकर विपक्ष की रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
छात्रा की हॉस्टल में संदिग्ध मौत
सहरसा। जिले के सत्तर कटैया प्रखंड की रहने वाली पल्लवी कुमारी, जो रूड़की में लाइफ जैम मेडिकल कंपनी में कार्यरत थी और SISSPG हॉस्टल में पढ़ाई कर रही थी, रविवार रात अपने हॉस्टल कमरे में फांसी के फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रूड़की पहुंच गए। पल्लवी के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रा के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है। परिजन इस बात पर भी हैरान हैं कि घटना के समय हॉस्टल में उसके साथ रहने वाली दो अन्य छात्राएं फरार थीं।
आरोपियों को आजीवन कारावास
सासाराम। कोचस थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में हुई 4 साल पुरानी हत्या के मामले में मंगलवार को जिला जज दशम उमेश राय की अदालत ने दो अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने गुड्डू सिंह उर्फ अयोध्या सिंह और रामसागर सिंह को प्रत्येक तीस-तीस हजार रुपए अर्थदंड सहित सजा दी।
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता, अपर लोक अभियोजक राज किशोर विश्वकर्मा ने बताया कि घटना 14 फरवरी 2022 को हुई थी। अभियुक्तों ने अपने दो अन्य साथियों, राज नारायण सिंह और चंदन सिंह के साथ मिलकर देवकन्या देवी के पुत्र धनजी सिंह को घर से बुलाकर शंकर जी मंदिर के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी।
NIA अधिकारी के घर में चोरी
पटना। जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगरियावां गांव में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक अधिकारी के पैतृक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
नालंदा। जिले के रहुई थाना क्षेत्र के हुडरहिया गांव में मंगलवार को आपसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रहुई थाना प्रभारी ललित विजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी रमेश कुमार और अनीष कुमार के बीच रास्ते में खड़े होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि अनीष कुमार को रास्ते से हटने के लिए कहने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी।
परीक्षा के दौरान छात्र बेहोश
नालंदा। जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को एक परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब गणित की परीक्षा दे रहे एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यह घटना पीसीपी इंटर कॉलेज, सोहसराय केंद्र की है।
छबीलापुर निवासी रामदेव चौधरी के पुत्र अंकित कुमार पहली पाली में गणित की परीक्षा देने पहुंचे थे। प्रश्न पत्र वितरण के कुछ ही मिनट बाद उन्हें घबराहट महसूस हुई। देखते ही देखते वह अपनी सीट पर चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए। परीक्षा कक्ष में मौजूद अन्य छात्रों के बीच हड़कंप मच गया, लेकिन वीक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


