Bihar Top News Today 03 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 03 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
खान सर कोचिंग में हमला, रौशन आनंद समेत 3 लोग गिरफ्तार
पटना। खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले मामले में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रौशन आनंद के अलावा उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उनसे दीघा थाने में घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि कल मंगलवार (2 जून) की देर रात करीब 11 बजे के आसपास कुछ नकाबपोश बदमाश खान कोचिंग सेंटर पर पहुंचते हैं और तोड़फोड़ के साथ पथराव करने लगते हैं। इस दौरान फायरिंग की भी बात कही जा रही है। इस दौरान एक गार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद खान सर ने बताया कि उनके सामने ही 10 से 12 राउंड गोली चली है। उन्होंने इस फायरिंग की घटना के लिए पड़ोसी कोचिंग सेंटर संचालकों (ज्ञान बिंदु) पर आरोप लगाया है। खान सर ने यह भी बताया है कि दो दिन के अंदर उनके कोचिंग सेंटर को उड़ाने की धमकी दी गई है।
घूस लेते स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक गिरफ्तार
Bihar Crime: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग ने आज बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने तिरहुत प्रमंडल के अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. अजय कुमार को 40 हजार रुपए का घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विभाग की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल शिकायतकर्ता की पत्नी जो स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं, मौजूदा समय में उनकी तैनाती मुजफ्फरपुर में हैं। महिला स्वास्थ्य कर्मी उसी स्थान पर अपनी सेवा को बनाए रखना चाहती थीं। आरोप है कि इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बदले अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. अजय कुमार ने 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। महिला कर्मी के पति ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग में की थी, जिसके बाद टीम ने जब मामले का सत्यापन किया तो जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने जाल बिछाते हुए इस कार्रवाई का अंजाम दिया।
अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, सीएम सम्राट ने जताया शोक
पटना। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस भीषण घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। सीएम सम्राट ने घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना भी की।
मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती
छपरा: सारण जिले के नगरा प्रखंड अंतर्गत फिरोजपुर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवती अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल टावर की सबसे ऊंची चोटी पर जा बैठी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और देखते ही देखते हजारों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाली युवती फिरोजपुर निवासी स्वर्गीय रवीन्द्र राम की पुत्री ममता कुमारी है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवती का गांव के ही एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को उसी युवक की शादी तय थी जिससे आहत होकर ममता ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि आधिकारिक तौर पर प्रशासन ने अभी तक इस प्रेम प्रसंग या शादी के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस की गुंडागर्दी
मोतिहारी। बिहार में पुलिस महकमे की छवि सुधारने और आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने के डीजीपी के कड़े निर्देशों के बावजूद, पूर्वी चंपारण जिले से पुलिस की बर्बरता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। हरसिद्धि बाजार में एक फल व्यवसायी और उनके किशोर पुत्र की पुलिस द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। घटना हरसिद्धि बाजार स्थित जय माता दी फ्रूट्स की है। पीड़ित फल व्यवसायी चंद्रिका साह का आरोप है कि सोमवार सुबह हरसिद्धि थाने में तैनात एसआई प्रीतम कुमार उनकी दुकान पर आए और फल व नारियल पानी लिया। जब व्यवसायी ने सात सौ रुपये का बिल मांगा, तो दरोगा ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि धमकाते हुए वहां से चले गए। हालांकि, बाद में उन्होंने कुल 290 रुपये पेटीएम किए।
सड़कों पर उतरी भाकपा माले, प्रशासन को चेतावनी
दारौंदा (सीवान): भाकपा माले ने दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में एक सशक्त विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। जिलेबिया गली से शुरू हुआ यह आक्रोश मार्च अंचल कार्यालय तक पहुंचा जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और स्थानीय स्तर पर जल निकासी की गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन को कड़े अल्टीमेटम दिए।
आज कैबिनेट की 13 प्रस्तावों पर मुहर
पटना। बिहार सरकार ने राज्य के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए कैबिनेट की अहम बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर अपनी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कुल 13 एजेंडों को मंजूरी दी गई, जिसमें स्वास्थ्य और बिजली क्षेत्र में किए गए सुधार विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रहे। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ‘मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष’ के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की सीमा को बढ़ा दिया गया है। पहले जहां यह सीमा ढाई लाख रुपये थी जिसे अब बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दिया गया है। इस निर्णय से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी जो आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराने में असमर्थ थे।
5 बच्चों की डूबकर मौत
मधुबनी। जिले के बिस्फी प्रखंड अंतर्गत सोहास पंचायत के केरवार गांव में आज एक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तालाब में डूबने से पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने न केवल इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया, बल्कि मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए रिकॉर्ड समय में प्रभावित परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केरवार गांव में आज दोपहर यह दुखद हादसा हुआ। गांव के तालाब में नहाने गए छह बच्चे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उसे अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है, लेकिन दुर्भाग्यवश पांच बच्चों की जान नहीं बचाई जा सकी।
पैसे डबल के चक्कर में ग्रामीणों से करोड़ों की ठगी
रोहतास। जिले के नोखा में एक निजी फाइनेंस कंपनी द्वारा लोगों को कम समय में पैसा दोगुना और तीगुना करने का लालच देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रोटॉन कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नामक संस्था रातों-रात अपना कार्यालय और सामान समेटकर फरार हो गई जिसके बाद निवेशकों में भारी आक्रोश फैल गया।जैसे ही लोगों को कंपनी के गायब होने की जानकारी मिली बड़ी संख्या में निवेशक सड़क पर उतर आए। इनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक थी। आक्रोशित लोगों ने सासाराम-पटना मुख्य मार्ग को नोखा में जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी के एजेंटों ने कम समय में रकम दोगुनी और तिगुनी होने का सपना दिखाकर हजारों लोगों से निवेश कराया था।
राबड़ी के पैर छूते सम्राट की फोटो शेयर कर बोले तेज प्रताप
पटना। बिहार की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को खाली कराने का नोटिस इन दिनों सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। इस विवाद ने अब तीखे शब्दों और व्यक्तिगत हमलों का रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘कोई माई का लाल नहीं रोक सकता’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए राजद नेता तेज प्रताप यादव ने तीखी टिप्पणी की है। तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए एक बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी उम्र में भले ही बड़े हों, लेकिन मुख्यमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप वे अपनी भाषा का चयन करने में विफल रहे हैं। तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा मैं भविष्यवाणी करता हूं कि आने वाले 6 से 9 महीनों के भीतर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। पद पर बैठने वाले व्यक्ति को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए, जिसमें वे असफल साबित हुए हैं।

