Bihar Top News Today 03 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 03 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

BJP नेता के भांजे को मारने वाला एनकाउंटर में ढेर

पटना। Bihar Police Encounter: बिहार पुलिस अपराध को लेकर लगातार एक्शन मोड में है। सीवान पुलिस ने आज रविवार की तड़के सुबह एक और अपराधी को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोनू यादव नाम के अपराधी का एनकाउंटर किया है। सोनू यादव बीजेपी नेता और पूर्व विधान पार्षद मनोज सिंह के भांजे की हत्या मामले में फरार चल रहा था। इससे पहले पुलिस ने एनकाउंटर में घटना में शामिल एक और आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारी थी।

पवन सिंह के बाद फिर प्यार में पड़ीं अक्षरा सिंह

पटना। भोजपुरी सिनेमा की ‘क्वीन’ अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। पवन सिंह के साथ विवादों भरा रिश्ता खत्म होने के लंबे समय बाद, अक्षरा ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि उनके जीवन में किसी खास शख्स की एंट्री हो चुकी है। अक्षरा अब अतीत की कड़वाहट को पीछे छोड़ भविष्य की नई इबारत लिखने को तैयार हैं। ​एक हालिया इंटरव्यू के दौरान जब अक्षरा से उनके रिलेशनशिप स्टेटस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। अक्षरा ने कहा, “हां, मुझे दोबारा प्यार हुआ है और फिलहाल यह रिश्ता चल रहा है। जो पुराना था, वह अब भूतकाल (पास्ट) का हिस्सा है। मैं अब अपने भविष्य की चिंता कर रही हूं और आगे बढ़ रही हूं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना प्यार के कोई भी इंसान जीवित नहीं रह सकता।

बेतिया और मोतिहारी में झमाझम बारिश हुई

Weather update: बिहार के मौसम में इस समय जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है। चिलचिलाती गर्मी की जगह अब राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने दस्तक दी है। रविवार को बेतिया, मोतिहारी और बेगूसराय जैसे जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि सीवान और गोपालगंज में हल्की फुहारें पड़ीं। राजधानी पटना, बक्सर और छपरा समेत कई इलाकों में दिन भर बादलों का डेरा रहा, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ​मौसम विभाग ने बिहार के 24 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने विशेष रूप से आकाशीय बिजली (वज्रपात) को लेकर चेतावनी दी है और लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

NEET 2026, छात्राओं की नोज पिन उतरवाई

पटना। ​आज रविवार को देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा, NEET UG 2026, का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को लेकर देशभर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम देखे जा रहे हैं। अकेले बिहार के 35 जिलों में बनाए गए 150 से अधिक केंद्रों पर लगभग 1.60 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि पूरे देश और विदेश में कुल अभ्यर्थियों की संख्या करीब 23 लाख है‌। ​परीक्षा केंद्रों पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के नियमों का कड़ाई से पालन किया गया। मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों से ऐसी तस्वीरें आईं जहां सुरक्षाकर्मियों ने छात्राओं की नोज-पिन (नाक की कील) तक उतरवा दी। इसके अलावा, बालों के बैंड, कंगन, अंगूठी और अन्य आभूषणों को केंद्र के बाहर ही रखवा लिया गया। सुरक्षा के लिहाज से छात्राओं के बालों के जूड़े खुलवाकर भी गहन जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार की चिप या डिवाइस की संभावना को खत्म किया जा सके।

पूर्व मंत्री आवास के बाहर मिली नाबालिग लड़की की लाश

पटना‌। शहर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व मंत्री जमा खान के आवास के समीप एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ​पटना के ललित भवन के पीछे, पूर्व मंत्री जमा खान की चहारदीवारी के पास सुबह स्थानीय लोगों ने एक 16-17 वर्षीय लड़की का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में लड़की के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या के बाद शव को यहां फेंके जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।

दो थानों के ड्राइवर संग चक्कर चला रही थी महिला सिपाही

Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल यहां पर महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग में दो अलग-अलग थानों के ड्राइवरों के बीच हुए विवाद में एक ड्राइवर ने दूसरे ड्राइवर पर गोली चला दी। आरोप है कि परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम कुमार ने कोतवाली थाना के ड्राइवर नीरज कुमार के सीने में गोली मार दी। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार महिला सिपाही पहले परैया थाने में तैनात थीं, जहां उसका अफेयर दोनों ड्राइवरों (नीरज और गौतम) के साथ चल रहा था। बाद में महिला सिपाही कोतवाली थाना में लिपिक के पद पर तैनात हो गई, जो पितामहेश्वर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी।

विवाद में घिरे अलख पांडेय

Bihar News: फिजिक्स वाला के सीईओ अलख पांडेय बुरे फंसते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित PW विद्यापीठ संस्थान को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। यहां एक महिला ने PW विद्यापीठ में अपने बेटे के IIT-JEE कोचिंग एडमिशन को रद्द करने और जमा फिस वापस करने को लेकर संस्थान को लीगल नोटिस भेजा है। यह नोटिस पटना हाईकोर्ट के वकील बिभूति नारायण ने प्रतिभा कुमारी की ओर से संस्थान के सीईओ अलख पांडेय और पटना स्थित सेंटर मैनेजर प्रकाश को भेजा है।

खड़े ट्रक में जा घुसी बेकाबू कार, 4 की मौत

मुजफ्फरपुर‌। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोतीपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर में एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

​पटना में कचरा फेंका तो AI काटेगा चालान

पटना। शहर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने ‘हाइटेक सिविक सर्विसेज सर्विलांस एंड मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट’ की घोषणा की है। अब शहर की सड़कों पर कचरा फेंकना या अवैध कब्जा करना लोगों को भारी पड़ सकता है, क्योंकि अब एआई (AI) तकनीक के जरिए सीधे चालान काटने की तैयारी है। ​इस परियोजना के तहत 19 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर गाड़ियां खरीदी जा रही हैं, जिन्हें ‘नगर नेत्र’ नाम दिया गया है। ये गाड़ियां पटना नगर निगम के सभी 75 वार्डों में तैनात की जाएंगी। सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए इन वाहनों पर हाई-रेजोल्यूशन वाले 4K डैशकैम लगाए जाएंगे, जो 110 डिग्री के वाइड एंगल पर रिकॉर्डिंग करने में सक्षम होंगे। जीपीएस (GPS) तकनीक से लैस ये कैमरे किसी भी नागरिक समस्या की सटीक लोकेशन तुरंत कंट्रोल रूम को भेज देंगे।

दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता

पटना। बिहार की राजधानी के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र से वारदात सामने आई है। यहां दहेज के लालच में न केवल एक 24 वर्षीय विवाहिता, पुष्पा कुमारी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई, बल्कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को खेत में ले जाकर जला दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि मृतका की 9 माह की दुधमुंही बच्ची, लाडो, भी रहस्यमयी तरीके से लापता है।