Bihar Top News Today 03 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 03 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
BSEIDC का कार्यपालक अभियंता रिश्वत लेते गिरफ्तार
पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक फिर बड़ी कार्रवाई की है। बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSEIDC) के कार्यपालक अभियंता द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1.04 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इंजीनियर द्वारा सरकारी स्कूल के निर्माण कार्य के एवज में कुल 3 लाख रुपये की घूस मांगी गई थी। इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी के घर पर हुई छापेमारी में अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
गैस लदे ट्रक और कार के बीच टक्कर दो की मौत
मोतिहारी। शहर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बनकट के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के संबंध में स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा ओवरटेक करने की जल्दबाजी और अनियंत्रित गति के कारण हुआ। गैस लदे हुए एक भारी ट्रक को अपाचे बाइक पर सवार लोग ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बाइक चालकों ने वाहन से अपना संतुलन खो दिया और बाइक सीधे अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक छिटककर बगल से गुजर रही एक अन्य कार से जोरदार तरीके से जा भिड़ी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का विरोध
मुजफ्फरपुर। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का मुजफ्फरपुर स्थित श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) का दौरा उस समय हंगामेदार हो गया, जब जूनियर डॉक्टरों ने वेतन और बेहतर पढ़ाई की सुविधाओं की कमी को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस अप्रत्याशित विरोध के बीच स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव कुमार रवि ने आक्रोशित डॉक्टरों को शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासनिक अमले और सुरक्षा बलों के कड़े सुरक्षा घेरे के बीच स्वास्थ्य मंत्री को किसी तरह अस्पताल परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पूरे घटनाक्रम से पहले से ही लचर शैक्षणिक व्यवस्था और मानदेय को लेकर असंतुष्ट चल रहे जूनियर डॉक्टरों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया।
बाढ़ से परेशान ग्रामीणों का पलायन जारी
भागलपुर। जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बेहद भयावह हो गई है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि गंगा के तटीय इलाकों के कई गांव पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोगों का पलायन लगातार जारी है। प्रशासनिक और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, नाथनगर प्रखंड के रत्तीपुर, बैरिया, शंकरपुर, अजमेरीपुर, रसीदपुर और श्रीरामपुर जैसे दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इन गांवों के घरों और गलियों में बाढ़ का पानी घुस जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए लोग अपने परिवारों और जरूरी सामान को समेटकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने को विवश हैं।
मोतिहारी चीनी मिल पर महासंग्राम
मोतिहारी। शहर में बंद पड़ी चीनी मिल और उसकी बहुमूल्य जमीन को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। राज्य में इस मिल को दोबारा शुरू करने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है, लेकिन इस बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सरकार के सामने एक तीखा और बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। प्रशांत किशोर के इस बयान ने विकास के दावों के बीच जमीन खरीद-बिक्री के पुराने पन्नों को पलटने पर मजबूर कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक तूल पकड़ सकता है।
गयाजी में एक ही दिन में 14 पुलिसकर्मी निलंबित
गयाजी में अनुशासनहीनता और अपने कर्तव्यों के प्रति भारी लापरवाही बरतने वाले पुलिस विभाग के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बहुत ही सख्त रुख अपनाया है। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के और पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता पर लगाम कसने के उद्देश्य से बुधवार को एक ही दिन के भीतर कुल 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस बड़ी कार्रवाई की जद में आने वाले कर्मियों में दो पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और 12 आरक्षी (सिपाही) शामिल हैं, जिन पर तयशुदा छुट्टी की अवधि समाप्त होने के बावजूद समय पर अपनी ड्यूटी पर वापस न लौटने का गंभीर आरोप है।
विधायक अमित रानू की बढ़ी मुश्किलें
सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली विधवा आशा देवी ने 28 अगस्त को विधायक अमित कुमार रानू, उनके भाई सोनू कुमार उर्फ अभिनव कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि उनकी जमीन की रजिस्ट्री तो करवा ली गई, लेकिन तयशुदा 35 लाख रुपए की पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया। इस मामले में पुलिस चेक और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है। बुधवार को इस प्रकरण में पीड़ित महिला ने माननीय न्यायालय में अपना बयान दर्ज करा दिया है। इस मामले में विधायक और उनके भाई के अलावा राहुल कुमार, कार्तिक कुमार तथा उज्ज्वल कुमार को भी नामजद आरोपित बनाया गया है।
तेज प्रताप यादव को मिली जान से मारने की धमकी
Tej Pratap Yadav: लालू यादव के बड़े बेटे और जजद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपने बयानों और कारनामों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। हालही में उन्होंने महुआ विधायक संजय कुमार सिंह पर दिल्ली में कथित तौर पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उसका शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था, जिसके बाद विधायक की ओर से इन सभी आरोपों को बेबुनिया और झूठा करार देते हुए तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा गया था। वहीं, अब जजद अध्यक्ष ने यह दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।
स्कूल की छात्राओं से रेप, 2 टीचर्स ने बनाए अश्लील वीडियो
पटना। बिहार के बक्सर से शिक्षक और शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां दो शिक्षकों ने 12 छात्राओं के साथ कई महीने तक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना को अंजाम दिया है। पूरा मामला डुमराव स्थित मध्य विद्यालय का बताया जा रहा है। शिक्षकों पर आरोप है कि 12 नाबालिक छात्राओं के साथ दुष्कर्म किया उनका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल भी कर दिया। मामला उजागर होने पर सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उग्र ग्रामीणों ने दोनों आरोपित शिक्षकों की जमकर पिटाई की है। घटना पर संज्ञान लेकर जिला शिक्षा विभाग में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बाढ़ से 13 जिलों में हाहाकार
कैमूर। बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश और पड़ोसी राज्य/ देश (झारखंड व नेपाल) के पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कोसी, गंडक, सोन, गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। कई जगहों पर ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राजधानी पटना समेत, कैमूर, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास समेत कई 13 जिले बाढ़ की चेपट में है, जिससे नीचले इलाकों में तेजी से बाढ़ का पानी फैल रहा है। वहीं, नदी के किनारे बसे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।



