Bihar Top News Today 04 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

लालू-राबड़ी को वापस मिली Z श्रेणी की सुरक्षा

पटना। बिहार की राजनीति में लंबे समय से चल रहे सुरक्षा और आवास विवाद के बीच लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बिहार सरकार ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की Z श्रेणी की सुरक्षा को फिर से बहाल कर दिया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में शुक्रवार शाम आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी की सुविधा भी वापस दे दी गई है।

बीजेपी MLA राजू सिंह को 4 साल की जेल

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने वर्ष 2018-19 की न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग मामले में बिहार के साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को चार साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उन्हें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304 पार्ट-II (गैर-इरादतन हत्या) और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार दिया। साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।

गवाही से पहले मंदिर में दुकानदार का मर्डर

मुजफ्फरपुर‌। जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पूजा स्थल को भी रक्त रंजित कर दिया। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक बाजार में शनिवार की सुबह एक दुकानदार की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वे मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राम कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है जो इलाके में बुक स्टोर चलाते थे।

भू-विवाद ने पकड़ा हिंसक रूप, 12 घायल

सहरसा। जिले के बसनही थाना अंतर्गत गोंदराम गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद ने एक हिंसक रूप ले लिया जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया जिसमें महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ​स्थानीय सूत्रों के अनुसार गोंदराम गांव में दो पक्षों के बीच एक भूखंड को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुई यह घटना देखते ही देखते हिंसक हो गई। आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में बच्चों और महिलाओं को भी चोटें आईं जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

गठित होंगे 100 स्पेशल कोर्ट

पटना। बिहार में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से इस पहल की आधिकारिक घोषणा की।
​सरकार की इस योजना के तहत राज्य में 100 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य उन आपराधिक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाना है जो लंबे समय से अदालतों में लंबित हैं। इससे न केवल न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि अपराधियों में कानून का भय भी बढ़ेगा।

टोटो चोरी के आरोप में पीट-पीटकर हत्या

वैशाली। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर सुल्तानपुर गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है जहां टोटो चोरी के मामूली शक में एक 22 वर्षीय युवक को बेरहमी से पीटा गया, जिससे अंततः उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बिदुपुर के खपुरा गांव निवासी बहरण राय के 22 वर्षीय पुत्र सनी कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई सौरभ कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9:30 बजे सनी घर से निकला था। रास्ते में चांदपुरा निवासी रजनीश कुमार ने उसे टोटो चोरी के आरोप में घेर लिया। आरोप है कि रजनीश और उसके साथियों ने दिन भर सनी को बंधक बनाकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया।

बारात जा रहे दो दोस्तों की मौत

भागलपुर। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मीरहट्टी फोरलेन के समीप हुए एक सड़क हादसे में बारात जा रहे दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवारों में मातम पसर गया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जमालपुर की ओर बारात में शामिल होने के लिए निकले थे। सफर के दौरान सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मीरहट्टी फोरलेन के पास बाइक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया।

आगजनी में 6 दुकानें खाक, लाखों का नुकसान

पटना। दानापुर थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित बड़ी देवी स्थान के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस हादसे में छह दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। ​प्राथमिक जांच और व्यापारियों के बयानों के आधार पर यह मामला महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रहा है। लहसुन कारोबारी दिलीप कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में सुल्तानपुर निवासी लल्लू कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप के अनुसार शुक्रवार सुबह लल्लू के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
​पीड़ित ने बताया कि शाम के समय लल्लू शराब के नशे में कुछ अज्ञात युवकों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए आग लगाने की बात कही थी। हालांकि स्थानीय दुकानदारों ने उस समय बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था लेकिन देर रात अचानक दुकानों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग

पटना। बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर लगे कुछ नए पोस्टरों ने राज्य की सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इन पोस्टरों में नीतीश कुमार के दो दशकों के शासनकाल को ऐतिहासिक करार देते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे जाने की पुरजोर मांग की गई है। इस घटनाक्रम ने राज्य के भावी नेतृत्व और भविष्य की राजनीति को लेकर नई चर्चाएं छेड़ दी हैं।

लैब कर्मी की हत्या, NH-20 को किया जाम

नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में एक लैब कर्मी की जघन्य हत्या के बाद पूरे इलाके में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। अपराधियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत लैब कर्मी को घर से बाहर बुलाकर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना ने आम लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ​मृतक की पहचान 37 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है जो चेरण गांव का निवासी था और हरनौत बाजार स्थित एक पैथोलॉजी लैब में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार की रात उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सुनियोजित तरीके से घर से बाहर बुलाया था। शिवाजी मोहल्ले के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने सोनू को घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी सोनू को इलाज के लिए आनन-फानन में पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।