Bihar Top News Today 04 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल
पटना/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की पहली परीक्षा में पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों के चुनाव परिणामों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक खास अंदाज में नितिन नवीन का अभिनंदन किया, जिसने राजनीतिक गलियारों में बड़े संकेत दिए हैं।
शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के घर पर रेड
Osama Shahab: बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। दरअसल सीवान के रघुनाथपुर सीट से राजद के विधायक और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। यह छापेमारी ओसामा शहाब के नवलपुर स्थित विधायक आवास और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित उनके पैतृक आवास दोनों जगहों पर की गई है। इस दौरान दोनों जगहों पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई है। राजद विधायक ओसामा शहाब पर एक डॉक्टर दंपत्ति की जमीन पर जबरन कब्जा करने और मकान निर्माण कार्य में लगे उनके मजदूरों के साथ मारपीट व धमकी देने का गंभीर आरोप है। इस मामले में डॉक्टर दंपत्ति ने महादेवा थाने में ओसामा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। विधायक की ओर से इस मामले में जिला एंव सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद से ओसामा शहाब फरार बताए जा रहे हैं।
लालू परिवार को राबड़ी आवास खाली करने का अल्टीमेटम
Bihar Politics: बिहार में राबड़ी आवास को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड के सरकारी आवास को 15 दिनों के भीतर खाली करने का सख्त निर्देश दिया गया है। जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय के अंदर आवास को खाली नहीं किया जाता है, तो कार्रवाई भी की जा सकती है। जारी आदेश के अनुसार राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है।
बिहार में फिर गिरा पूल!
भागलपुर से उत्तर बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु कल रविवार देर रात क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। आधी रात 12:30 बजे आसपास विक्रमशिला पुल के पाया नंबर 133 का एक स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया। हालांकि गनीमत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल की कोई क्षति नहीं पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार पहले विक्रमशिला पुल के पाया नंबर 133 पोल के पास धंसाव हुआ, जिसकी जानकारी मिलने के तुरंत बाद गाड़ियों के आवागमन को बंद कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही पुल का वह हिस्सा (133-134 के बीच का) स्लैब टूटकर नदी में गिर गया। ट्रैफिक थाना अध्यक्ष और अन्य पुलिस प्रशासन की ओर से दिखाई गई सतर्कता से कोई हानि नहीं पहुंची और पुल के दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारों को हटा लिया गया।
बेकाबू ट्रक ने 5 लोगों को रौंदा, मौत
रोहतास। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में बड़ा और भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना मठिया गांव के पास की है। मृतक में एक करगहर के भगवानपुर का रहने वाले हैं। जबकि बाकी चार लोग दिनारा के मठिया गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार घटना का शिकार हुए सभी लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी से तिलक चढ़ा कर अपने गांव मठिया लौटे थे। जैसे ही बस से उतरकर यह लोग सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही कंटेनर ट्रक पास के ही एक पिकअप वैन को टक्कर मार दी और उसके बाद बस को टक्कर मारते हुए पांच लोगों को रौंद दिया।
पटना में कुदरत का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्त
पटना। बिहार की राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। दोपहर होते-होते पटना में आसमान गहरे काले बादलों से घिर गया और दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। इसके बाद करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को थाम दिया। तेज आंधी का असर पटना एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जहां टर्मिनल बिल्डिंग के बाहरी हिस्से की टाइल्स उखड़कर गिर गईं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। शहर के निचले इलाकों जैसे नौबतपुर और बिहटा में भी भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। आंधी इतनी शक्तिशाली थी कि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सलाम-ए-इश्क मेरी जान..मुजरा देख रहे अनंत सिंह
Anant Singh Viral Video: बिहार के बाहुबली और मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक कार्यक्रम के दौरान नाच-गाने का आनंद लेते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके स्वागत में अनंत सिंह के समर्थक खुलेआम हथियार लहराते और नोट उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में अनंत सिंह के साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव की है, जहां एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनंत सिंह पहुंचे हुए थे। इसी दौरान उनके स्वागत में जैसे ही जातीय वर्चस्व को बढ़ावा देने वाला भोजपुरी गाना ‘रंगदार के भतार भूमिहार जी’ बजाया गया, उनके समर्थक गानों पर झूमते नजर आए और खुलेआम हथियार लहराने लगे।
मोतिहारी में कलश यात्रा के दौरान दो समुदाय आमने-सामने
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडार गांव में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक धार्मिक कलश यात्रा को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टलते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भंडार गांव में श्रद्धालु भव्य कलश यात्रा निकाल रहे थे। जैसे ही यात्रा एक निश्चित मार्ग पर पहुंची, दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए रास्ता रोकने का प्रयास किया। इस हस्तक्षेप के कारण माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों के लोग सड़क पर जमा हो गए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने शुरुआत में स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के बढ़ते आक्रोश और तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की गई।
नालंदा में मेडिकल स्टूडेंट समेत सॉल्वर गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार
नालंदा। जिले में एक बार फिर परीक्षाओं में धांधली करने वाले गिरोह की सक्रियता को लेकर चर्चा में है। नालंदा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नीट (NEET) परीक्षा में स्कॉलर बैठाकर परीक्षा पास कराने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि किस तरह मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाला एक व्यवस्थित सिंडिकेट राज्य में जड़ें जमाए हुए है। इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 2 मई की शाम को हुई, जब राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पावापुरी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर दो संदिग्ध लग्जरी गाड़ियों-एक स्कॉर्पियो और एक ब्रेजा पर पड़ी। पुलिस को देखते ही चालकों ने गाड़ियां भगाने की कोशिश की, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। घेराबंदी कर जब दोनों वाहनों को रोका गया, तो तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 2 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
ब्वॉयफ्रेंड से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती
कैमूर। जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न केवल पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी, बल्कि स्थानीय लोगों के बीच भी हड़कंप मचा दिया। दुर्गावती थाना क्षेत्र के आदर्श नुआंव गांव में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे तक चले इस ‘फिल्मी ड्रामे’ ने पुलिस और ग्रामीणों को पसीने ला दिए। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी से विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार या अन्य सामाजिक कारणों से इसमें अड़चनें आ रही थीं। इसी बात से नाराज होकर युवती ने ‘शोले’ फिल्म के वीरू वाला अंदाज अपनाया और गांव के समीप स्थित ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। जैसे ही ग्रामीणों की नजर टावर की ऊंचाई पर खड़ी युवती पर पड़ी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, वहीं कुछ लोग उसे नीचे उतरने की मिन्नतें करते रहे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

