Bihar Top News Today 04 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बिहार के 16 जिलों में बाढ़, 5 लाख लोग प्रभावित

पटना। बिहार इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। राज्य के 16 जिलों में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लगभग 5 लाख लोग इसकी मार झेल रहे हैं। गंगा समेत आठ प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट चुका है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। ​राजधानी पटना में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, पटना के गांधी घाट और हाथीदह में गंगा का जलस्तर इस बार अब तक के सबसे ऊंचे बाढ़ स्तर (हाइएस्ट फ्लड लेवल) को पार कर सकता है। गांधी घाट पर शुक्रवार को जलस्तर 50.34 मीटर दर्ज किया गया, जो साल 2016 के 52.52 मीटर के रिकॉर्ड स्तर से केवल 2.18 मीटर नीचे है। गंगा के बढ़ते पानी का असर पटना के दक्षिणी हिस्से की पुनपुन और दरधा नदियों पर भी साफ दिख रहा है, जहां बैकवाटर के दबाव से स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रशासन ने मुख्य सुरक्षा बांधों पर निगरानी बढ़ा दी है और अधिकारियों को चौबीस घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।।

पटना के इस्कॉन टेंपल में भक्तों की भारी भीड़

पटना। पूरे बिहार में आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम है और राजधानी पटना स्थित इस्कॉन मंदिर में उत्सव का नजारा देखते ही बन रहा है। मंदिर प्रांगण से लेकर बाहर तक भक्तों का तांता लगा हुआ है। भगवान के अलौकिक दर्शन और विशेष अनुष्ठानों के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा है। इस वर्ष जन्माष्टमी पर बेहद दुर्लभ और पवित्र खगोलीय संयोग बन रहे हैं। आज अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र का सुंदर मेल है। इसके साथ ही वृष राशि के चंद्रमा की साक्षी, वृष लग्न, मृगशिरा नक्षत्र, हर्षण और वज्र योग का अनूठा युग्म भी बन रहा है। ज्योतिषीय दृष्टि से यह योग साधना, पूजा और व्रत के लिए अत्यंत फलदायी माना गया है।

अनंत सिंह बोले-MLC चुनाव में नीरज नहीं अनुज को जिताएं

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर होने वाले चुनाव से पहले सत्ताधारी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर सियासी पारा चढ़ गया है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आगामी चुनाव में नीरज कुमार की बजाय डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करने की खुलकर घोषणा कर दी है, जिससे पार्टी की अंदरूनी राजनीति में सुगबुगाहट तेज हो गई है। मीडिया से मुखातिब होते हुए अनंत सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह आगामी एमएलसी चुनाव में डॉ. अनुज सिंह का पूरा समर्थन करेंगे और इस बार वह नीरज कुमार का साथ नहीं देंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके जितने भी समर्थक हैं, वे सभी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करेंगे। इस दौरान अनंत सिंह के समर्थकों ने भी नारेबाजी करते हुए कहा कि जिसके साथ ‘छोटे सरकार’ (अनंत सिंह) हैं, उसकी जीत निश्चित है। वहीं, डॉ. अनुज सिंह ने भी विश्वास जताते हुए कहा कि जब ‘दादा’ का समर्थन मिल गया है, तो फिर किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

होटल में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म

पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना जंक्शन के पास स्थित एक होटल में एक बारह साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की गंभीर घटना घटी है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित बच्ची अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को सीधे कोतवाली थाने पहुंची और अपनी आपबीती पुलिस को सुनाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। ​प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता की कुछ समय पूर्व एक युवक से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला बढ़ा और आपसी नजदीकियां गहरी हो गईं। बच्ची ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि उस लड़के ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और साथ ही उससे शादी करने का पक्का भरोसा भी दिया था। इसी झांसे में आकर बच्ची उसके बुलावे पर मिलने के लिए राजी हो गई।
​होटल की तलाश में भटकने के बाद जंक्शन के पास रुके
​घटना वाले दिन आरोपी युवक पटना पहुंचा और उसने बच्ची को भी मिलने के लिए बुलाया। बच्ची पटना सिटी इलाके से चलकर सबसे पहले दानापुर पहुंची थी। वहां दोनों ने काफी देर तक ठहरने के लिए सुरक्षित ठिकाना या होटल तलाशने की कोशिश की, लेकिन उन्हें उस इलाके में कमरा नहीं मिला। इसके बाद दोनों ने अपनी योजना बदली और पटना जंक्शन के पास स्थित एक होटल की तरफ रुख किया, जहां उन्हें आसानी से कमरा मिल गया।

6 सितंबर को एसके मेमोरियल हॉल में जुटेंगे Gen-Z

पटना। बिहार की सियासत और छात्र राजनीति में एक बार फिर युवा पीढ़ी यानी ‘जेन-जी’ (Gen-Z) के तेवर देखने को मिलने वाले हैं। आगामी 6 सितंबर को राजधानी पटना के एसके मेमोरियल हॉल में आइसा (AISA) के बैनर तले एक बड़ा छात्र सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से युवा जुटेंगे और आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे। जेन-जी राइजिंग बिहार चैप्टर के तहत होने वाले इस सम्मेलन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिस तरह से दिल्ली से इस तरह के आंदोलनों की शुरुआत हुई और उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दी, वैसी ही सुगबुगाहट अब बिहार के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी तेज हो गई है। छात्र संगठन इस मंच के जरिए अपनी ताकत दिखाने और हुक्मरानों तक अपनी बात पहुंचाने की तैयारी में है।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी

सुपौल। जिले के वीरपुर में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पासपोर्ट और लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बसमतिया रोड स्थित ‘बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स’ एजेंसी को सील कर दिया है। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम विनय कुमार, अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह और वीरपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार दास ने पुलिस बल के साथ एजेंसी पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक मोहम्मद आरिफ मौके पर मौजूद नहीं था। फोन पर संपर्क करने पर उसने दिल्ली में होने की जानकारी दी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

कृष्ण बने 6 साल के बच्चे की गले में मोती फंसने से मौत

सासाराम। शहर के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत भगिरथा गांव में भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव की खुशी उस समय मातम में बदल गई जब एक छह साल के मासूम बच्चे की सांस की नली में माला का मोती फंसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगिरथा गांव निवासी विमलेश यादव के छह वर्षीय पुत्र आर्यन को परिजनों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान का स्वरूप देने का फैसला किया था। परिवार ने बड़े ही उत्साह के साथ बच्चे को कान्हा वाले विशेष वस्त्र पहनाए और उसके श्रृंगार के लिए गले में मोतियों की सुंदर माला भी डाली। बच्चा भगवान के रूप में बेहद प्यारा लग रहा था और घर में उत्सव का माहौल था। इसी दौरान खेल-खेल या नादानी में बच्चे ने गले में पहनी गई मोतियों की माला का एक मोती मुंह में ले लिया और गलती से उसे निगल गया।

बार बालाओं के साथ ठुमके लगा रहे दो दारोगा सस्पेंड

कैमूर। पुलिस आचरण के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले दो पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरी है। चैनपुर थाने में पदस्थापित दो सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) का बार बालाओं के डांस के दौरान खुलेआम पैसे लुटाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ​चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह में मनोरंजन के लिए बार बालाओं के डांस का कार्यक्रम रखा गया था। थाने में तैनात एएसआई सत्येंद्र कुमार और एएसआई चंदन कुमार भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। वर्दी और पद की गरिमा को ताक पर रखकर दोनों अधिकारी आगे की कुर्सी पर बैठे और भोजपुरी गानों की धुन पर जमकर आनंद लेते नजर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने मंच पर मौजूद नर्तकी पर दोनों हाथों से पैसे भी लुटाए। यह पूरा नजारा किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए इसकी शिकायत सीधे कैमूर एसपी शिखर चौधरी तक पहुंचा दी।

खगड़िया में डबल मर्डर से सनसनी

Khagaria Double Murder: बिहार के खगड़िया में कल गुरुवार की रात हुए डबल हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल पूरा मामला भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव का है, जहां पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना हो गई। घटना में चाकू लगने से चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सबसे पहले परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में दोनों चाचा भतीजे ने अपना दम तोड़ दिया।

युवक के सीने में मारी गोली

Bihar Crime: बिहार के भोजपुर में पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र का है, जहां तेंदुनी गांव मोड़ के पास युवक को गोली मारी गई। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए लेकर आरा सदर अस्पताल के लिए लेकर निकले, हालांकि बीच रास्ते में ही उसने अपना दम तोड़ दिया।